नेशनल डेस्क- दूसरी पत्नी लाने को लेकर शनिवार शाम पिता-पुत्री के बीच हुए विवाद के बाद रविवार सुबह किशोरी का शव गांव के बाहर यूकेलिप्टस के पेड़ से लटकता मिला।किशोरी की मां ने अपने पति पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है। किशोरी के नाना की तहरीर पर पुलिस ने किशोरी के पिता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गांव अजबगढ़ निवासी राम कैलाश ने करीब छह माह पूर्व पत्नी मायावती, पुत्री राधना (17), सरस्वती (10) तथा पुत्र प्रियांशु (09) को घर से भगा दिया था। इसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर अपने मायके अलीपुर चली गई। शनिवार सुबह राम कैलाश ने पत्नी को फोनकर पुरानी बातें भुलाकर घर आने को कहा। इसके बाद शाम को मायावती बच्चों को लेकर ससुराल पहुंची।
Read More Stories:
फंदे के सहारे लटकता मिला शव
घर में एक महिला को देखकर पुत्री राधना ने उसके बारे में पूछा तो पिता ने बताया कि, यह तुम्हारी दूसरी मां हैं। इसी को लेकर पिता-पुत्री के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी के बाद पिता ने पुत्री की जमकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। रविवार सुबह राधना का शव गांव के बाहर स्थित एक तालाब के समीप यूकेलिप्टस के पेड़ पर फंदे के सहारे लटकता मिला।
सूचना पर पहुंचे राधना के नाना छोटेलाल ने राम कैलाश पर नतिनी की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तहरीर मिलते ही पुलिस ने राम कैलाश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। एसएचओ ने बताया कि, आरोपी पिता को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
