यमुनानगर, 26 जुलाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को यमुनानगर में आयोजित ‘नशे से जंग-यमुनानगर के संग’ अभियान के तहत मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाते हुए कहा कि “यदि युवा स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त होगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।”
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी उसके युवा होते हैं। यह दौड़ केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जनजागरण का बड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि युवाओं को जीवन, स्वास्थ्य और विकास का रास्ता चुनना चाहिए, न कि नशे का।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान और योग को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाना समय की आवश्यकता है। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ समय बिताएं और उन्हें नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
70 हजार लोगों की भागीदारी, विजेताओं को सम्मान
उपायुक्त प्रीति के अनुसार इस दौड़ के लिए लगभग 1.25 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि करीब 70 हजार प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लेकर नया रिकॉर्ड बनाया।
10 किलोमीटर दौड़ के विजेता:
पुरुष वर्ग
- प्रथम: मोहित (महेंद्रगढ़) – ₹1 लाख
- द्वितीय: सत्यम – ₹75 हजार
- तृतीय: सचिन यादव (उत्तर प्रदेश) – ₹51 हजार
महिला वर्ग
- प्रथम: भारती (सोनीपत) – ₹1 लाख
- द्वितीय: सोनिका (भिवानी) – ₹75 हजार
- तृतीय: शशि लता (लखनऊ) – ₹51 हजार
इसके अलावा 73 वर्षीय त्रिलोकी नाथ (पानीपत) को 10 किलोमीटर दौड़ पूरी करने पर विशेष सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष अधिकारी पंकज नैन, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
