चंडीगढ़, 5 मई – हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक और संवेदनशील कदम उठाते हुए हाल ही में फसलों में लगी आग से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश के 17 जिलों के 151 किसानों को लगभग 324 एकड़ फसल नुकसान की भरपाई के तौर पर कुल 86.96 लाख रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्यमंत्री सैनी ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में यह मुआवजा जारी करते हुए कहा, “हमारी सरकार हर किसान के साथ खड़ी है। आगजनी की घटनाओं से प्रभावित किसानों को न सिर्फ आर्थिक सहायता दी जाएगी बल्कि अगली फसल के लिए मुफ्त खाद और बीज भी दिए जाएंगे, जिससे वे बिना किसी चिंता के खेती जारी रख सकें।”
यह पहली बार है जब हरियाणा सरकार ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के माध्यम से भी फसल क्षति का मुआवजा जारी किया है। इसका लाभ किसानों को दोगुना रूप में मिला है – राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के साथ-साथ कृषि विभाग से भी।
ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल बना किसानों की आवाज
राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल से जुड़े ई-फसल क्षतिपूर्ति प्लेटफॉर्म के जरिए किसान अब खुद ही फसल नुकसान का दावा दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन, क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन और पारदर्शी भुगतान प्रणाली से यह पूरी प्रक्रिया तेज और भरोसेमंद बनी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रबी सीजन 2025 में आगजनी की कई घटनाएं सामने आईं, जिससे राज्यभर के किसानों को नुकसान हुआ। इसके तुरंत बाद सरकार ने दावा दर्ज करने के लिए पोर्टल खोला और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसानों के लिए दोहरी राहत – मुआवजा और खेती के लिए मदद
मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता किसान हित और कृषि सुरक्षा है। राज्य में पहली बार इस तरह की दोहरी सहायता किसानों को प्रदान की जा रही है – तत्काल मुआवजा और अगली फसल के लिए जरूरी संसाधन।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
