अंबाला,31 जनवरी। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री नायब सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से वह सीएम बने हैं, तब से “उड़न खटोले” से नीचे नहीं उतरे हैं। विज ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री जमीन पर नहीं आएंगे, तब तक जनता की समस्याओं को कैसे समझेंगे? उन्होंने यह भी दावा किया कि यह सिर्फ उनकी ही नहीं, बल्कि अन्य विधायकों और मंत्रियों की भी आवाज है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
विधानसभा चुनाव में हराने की कोशिश का आरोप
अनिल विज ने विधानसभा चुनाव में उन्हें हराने की साजिश का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारियों और नेताओं ने उन्हें चुनाव हराने की कोशिश की, यहां तक कि उन पर हमला भी करवाया गया। 100 दिन बीत जाने के बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अब उन्हें यकीन हो गया है कि इन लोगों को किसी बड़े नेता का संरक्षण प्राप्त है।
अधिकारियों से नाराजगी
इससे पहले भी विज अफसरशाही को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उनके आदेशों का पालन नहीं होता, इसलिए वे अब ग्रीवेंस कमेटी की बैठकों में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जरूरत पड़ी, तो वह जनता के हक के लिए आंदोलन और आमरण अनशन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
विज के बयानों से हरियाणा की राजनीति गरमा गई है, अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
