रोहतक,28 जनवरी। हरियाणा के अरावली क्षेत्र में लगभग 10,000 एकड़ में दुनिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी का निर्माण किया जाएगा। हरियाणा के वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने इसकी घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत एनसीआर क्षेत्र में यह सफारी स्थापित की जाएगी। छह माह के भीतर पीएम मोदी इसका शिलान्यास करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रोहतक चिड़ियाघर में आयोजित सिंह शावक नामकरण समारोह के दौरान राव नरबीर सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने एशियाई शेरों के तीन नर और चार मादा शावकों का नामकरण किया। नर शावकों को चैतन्य, वीरु और संजू नाम दिया गया, जबकि मादा शावकों को दिया, नव्या, चंचल और अन्नू नाम मिला। उन्होंने इन शावकों को गोद में लेकर दुलारा और चिड़ियाघर परिसर में पौधारोपण भी किया।
राव नरबीर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में शारजाह में एक हजार एकड़ में बनी जंगल सफारी का अवलोकन किया। उसी से प्रेरित होकर अरावली क्षेत्र में यह सफारी स्थापित करने की योजना बनाई गई है। यह परियोजना न केवल वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि पर्यटन को भी प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने वन विभाग को काबली कीकर को हटाकर पर्यावरण-अनुकूल पौधों के रोपण के निर्देश दिए। चिड़ियाघर भ्रमण के दौरान उन्होंने बारहसिंगा, शतुरमुर्ग, काला हिरण, तेंदुआ, बाघ और मगरमच्छ सहित विभिन्न पशु-पक्षियों का अवलोकन किया।
इस परियोजना से हरियाणा के पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण में नया आयाम जुड़ने की उम्मीद है। वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
