Saturday , 25 July 2026

हरियाणा में बढ़े बीपीएल कार्ड धारक, राज्यमंत्री राजेश नागर ने कांग्रेस को घेरा

चंडीगढ,21 जनवरी। हरियाणा में बीपीएल कार्ड धारकों की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस के सवालों पर खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने बड़ा बयान दिया है। नागर ने कहा कि प्रदेश में बीपीएल कार्ड धारकों की संख्या बढ़ने का कारण राज्य सरकार द्वारा सालाना आय सीमा को बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए करना है। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए पूछा कि कांग्रेस अपना स्टैंड स्पष्ट करे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

कांग्रेस पर सीधा हमला

राजेश नागर ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि जब लोगों के बीपीएल कार्ड नहीं बनते थे, तब कांग्रेस सवाल उठाती थी, और अब जब कार्ड बन गए हैं, तब भी कांग्रेस को दिक्कत है। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस नहीं चाहती कि गरीबों को उनका हक मिले? नागर ने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि वे यह तय करें कि बीपीएल कार्ड बनें या नहीं।

 

370 पटवारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप

प्रदेश में 370 पटवारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप वाली वायरल सूची पर नागर ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। भ्रष्ट पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी तहकीकात के बाद सूची तैयार की गई है। नागर ने चेतावनी दी कि जनता के साथ गलत व्यवहार करने वाले अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।

 

राशन डिपो पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

प्रदेश के लगभग 10,000 राशन डिपो पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नागर ने बताया कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और 2-3 महीनों में सभी डिपो पर कैमरे लग जाएंगे। इसके अलावा, प्रत्येक अधिकारी को चार डिपो की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। शिकायत मिलने पर डिपो संचालकों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

विकास और रोजगार पर सरकार का फोकस

नागर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नेतृत्व क्षमता के चलते हरियाणा में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने सभी वादों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने शपथ लेने के बाद 24,000 युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा किया। अन्य वादों को लेकर अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं।

 

दुष्कर्म के आरोप को बताया राजनीतिक साजिश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली पर लगे दुष्कर्म के आरोपों को नागर ने राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि मामले में गवाह ने भी बयान दे दिया है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।

 

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *