Tuesday , 8 September 2026
नगर परिषद का बड़ा एक्शन,

जींद में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद का बड़ा एक्शन, 3 कर्मचारी निलंबित, कई पर कार्रवाई!

जींद: शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और सफाई कर्मचारियों में ड्यूटी के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जींद नगर परिषद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ड्यूटी से गैरहाजिरी, सरकारी कार्य में बाधा और लापरवाही के मामलों में तीन नियमित सफाई कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। वहीं पालिका रोल के कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने और पे रोल कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

तीन नियमित सफाई कर्मचारी निलंबित

नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार के अनुसार, सफाई कार्य में लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने को लेकर संबंधित कर्मचारियों को पहले भी नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद कार्य व्यवहार में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

इसी के चलते नियमित सफाई कर्मचारी सोहनलाल, कमला और भगवती को नगर पालिका अधिनियम की विभिन्न धाराओं और म्यूनिसिपल सफाई मजदूर सेवा नियमों के तहत निलंबित किया गया है।

इन तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। कनिष्ठ अभियंता ऊषा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।

पालिका रोल और पे रोल कर्मचारियों पर भी कार्रवाई

नगर परिषद प्रशासन के मुताबिक, पालिका रोल पर लगे कर्मचारियों को भी ड्यूटी में लापरवाही और बिना संबंधित अधिकारियों को सूचना दिए अनुपस्थित रहने को लेकर पहले नोटिस और चेतावनी दी गई थी। सुधार नहीं होने के बाद उनकी सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

वहीं पे रोल के छह सफाई कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी किए गए हैं। नगर परिषद प्रशासन ने कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी निर्धारित समय पर पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ करने के निर्देश दिए हैं।

सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी

कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। कर्मचारियों की उपस्थिति और उनके काम की नियमित निगरानी की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही, अनधिकृत गैरहाजिरी या सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से भी सहयोग की अपील

नगर परिषद ने शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *