फतेहाबाद, 14 जून: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को फतेहाबाद जिले के गोरखपुर स्थित हरियाणा अणु विद्युत परियोजना का दौरा किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को समय पर गुणवत्ता सहित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि परमाणु ऊर्जा पर्यावरण के लिहाज से बेहतर, दीर्घकालिक और सस्ती ऊर्जा का स्रोत है। वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इसे उत्तर भारत की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन 2070” और “विकसित भारत 2047” जैसे राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में एनपीसीआईएल के अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, सीएसआर गतिविधियों और जनजागरूकता प्रयासों की जानकारी दी। मनोहर लाल ने कहा कि परमाणु सुरक्षा को लेकर लोगों में किसी प्रकार की भ्रांति न रहे, इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि इस मानसून में न्यूक्लियर प्लांट परिसर में 20,000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
दौरे के अंत में दोनों नेताओं ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से अगली परियोजनाओं की योजना तैयार करने को कहा।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
