श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब | 30 मई 2025- पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। सिंहेवाला गांव स्थित एक दो मंजिला पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 5 मजदूरों की मौत हो गई है और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। हादसे के वक्त फैक्ट्री में लगभग 40 से 45 मजदूर काम कर रहे थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धमाके से कांपा इलाका
धमाका इतना तेज़ था कि फैक्ट्री की पूरी इमारत धराशायी हो गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट की आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए। मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर पुलिस व राहत दल
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी जसपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल, दमकल विभाग और राहत दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आग से हुआ विस्फोट, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में पहले आग लगी, जिसके बाद धमाका हुआ। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। फॉरेंसिक और तकनीकी टीमों को भी मौके पर बुलाया गया है, जो धमाके के पीछे की वजहों की गहनता से जांच कर रही हैं।
मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास जारी
राहत टीमों द्वारा मलबे को हटाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि कई मजदूर अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। एनडीआरएफ की टीम को भी तैनात करने की तैयारी चल रही है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटनास्थल पर भीड़ न लगाएं और अफवाहों से बचें। क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
