रेवाड़ी/चंडीगढ़। हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षों तक शिकायतें लंबित रहने से लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए प्रत्येक मामले का तय समय में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रेवाड़ी के बाल भवन सभागार में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री ने 16 शिकायतों की सुनवाई की, जिनमें से 8 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
10-12 साल से लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान कुछ ऐसे मामले भी सामने आए जो पिछले 10 से 12 वर्षों से लंबित थे। इस पर रणबीर गंगवा ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया और लंबित मामलों के जल्द समाधान के निर्देश दिए।
सादत नगर निवासी गजराज सिंह की शिकायत पर मंत्री ने एडीसी राहुल मोदी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और जिला नगर योजनाकार कार्यालय में देरी के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए।
सीवरेज समस्या पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के आदेश
दुर्गा कॉलोनी के निवासियों ने अमृत योजना के तहत बिछाई गई सीवरेज लाइन के बार-बार जाम होने की शिकायत रखी। इस पर मंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद अधिकारियों को तुरंत सीवरेज लाइन की सफाई कराने और लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत कार्य पूरा होने के बाद निर्धारित अवधि तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी ठेकेदार की होती है।
27 लाख रुपये से नवीनीकृत बाल भवन सभागार का लोकार्पण
बैठक शुरू होने से पहले रणबीर गंगवा ने बाल भवन सभागार के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। करीब 27 लाख रुपये की लागत से सभागार का आधुनिकीकरण किया गया है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली विधायक अनिल यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, उपायुक्त अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
