जींद (हरियाणा), 19 जुलाई: हरियाणा की धरती पर एक ऐतिहासिक नज़ारा देखने को मिला जब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पैतृक गांव नंदगढ़ में जन्मदिन मनाया। समारोह में जोश, भावनाएं और राजनीतिक संकेत तीनों एकसाथ देखने को मिले। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रेखा गुप्ता को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया, वहीं अन्य नेताओं ने पारंपरिक ‘कोथली’ भेंट की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कार्यक्रम की शुरुआत जुलाना के अग्रसेन भवन के उद्घाटन से हुई, जिसमें दोनों मुख्यमंत्रियों ने शिरकत की। इसके बाद जींद में रेखा गुप्ता के जन्मदिन समारोह का आयोजन हुआ, जहां भारी संख्या में लोग जुटे। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “रेखा गुप्ता ने अपने जीवन को राष्ट्रसेवा को समर्पित किया है। ये हमारे लिए गर्व का विषय है कि एक साधारण परिवार से निकलकर दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं।”
सीएम सैनी ने इस मौके पर जींद के नए अग्रवाल भवन और नंदी कामधेनू गोशाला के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा कर लोगों का दिल जीत लिया।
जब मंच पर रेखा गुप्ता बोलने आईं, तो उन्होंने सबसे पहले सुरक्षा कर्मियों से हटने को कहा ताकि आम जनता सीधे मंच को देख सके। उन्होंने सैनी को धन्यवाद देते हुए कहा, “सैनी जी जैसे नेता का CM बनना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति का परिणाम है। पहले तो सिर्फ एक परिवार ही आगे बढ़ता था। लेकिन अब बदलाव दिख रहा है।”
रेखा गुप्ता ने मज़ाकिया और जोशीले अंदाज़ में कहा, “दिल्ली वाले कहते हैं कि धुएं से पॉल्यूशन होता है। लेकिन ये जो भाई-बहन की जोड़ी है, जो धुआं उठाएगी वो पॉल्यूशन का नहीं, विकास का होगा।”
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
