Sunday , 27 September 2026
अंबाला में चोरी के लाखों के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स गिरफ्तार
अंबाला में चोरी के लाखों के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स गिरफ्तार

अंबाला में चोरी के लाखों के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स गिरफ्तार, 15-20 लाख के गहने बरामद|

अंबाला: अंबाला कैंट के सदर थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी का सोना खरीदने के आरोप में एक ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अंबाला छावनी स्थित श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स के मालिक करण के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 से 20 लाख रुपये कीमत के सोने और डायमंड के जेवरात बरामद किए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर्स तक पहुंच बनाई।

9 सितंबर को घर में हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार, तोपखाना माल रोड निवासी नरेश कुमार के घर में 9 सितंबर को चोरी हुई थी। चोर घर की अलमारी से लाखों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए थे।

शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में संदिग्धों से पूछताछ की और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में ज्वेलर्स का नाम सामने आया

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरात उन्होंने अंबाला छावनी के श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स के मालिक करण को बेच दिए थे।

पुलिस का दावा है कि चोरी के जेवरात में डायमंड का हार, दो अंगूठियां और डायमंड का ब्रेसलेट समेत अन्य आभूषण शामिल थे। आरोप है कि ज्वेलर्स ने इन सामान को कम कीमत पर खरीदा।

15 से 20 लाख के जेवरात बरामद

सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्वेलर्स करण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से चोरी के करीब 15 से 20 लाख रुपये कीमत के सोने और डायमंड के जेवरात बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का सामान खरीदने से संबंधित मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

रिमांड के दौरान बाकी सामान की होगी तलाश

पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर चोरी के बाकी सामान के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस को आशंका है कि चोरी के कुछ अन्य सोने-चांदी के सामान की बरामदगी भी की जा सकती है।

सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सैनी ने चोरी का सामान खरीदने वाले अन्य ज्वेलर्स और कबाड़ियों को भी चेतावनी दी है। पुलिस ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति चोरी का सामान खरीदता पाया गया तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि चोरी का सामान किन-किन लोगों तक पहुंचाया गया और इस मामले में और कौन लोग शामिल हैं।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *