पंचकूला, 12 दिसंबर 2024 (गर्ग): हरियाणा में निकाय चुनावों की प्रक्रिया ने जोर पकड़ लिया है। राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश के सभी डीसी, निगम कमिश्नरों और अन्य अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए भी शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
17 दिसंबर को जारी होगा प्रारंभिक ड्राफ्ट
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि 16 दिसंबर तक सभी संबंधित अधिकारियों को लोकसभा और विधानसभा चुनावों में उपयोग की गई मतदाता सूचियों का वितरण किया जाएगा। 17 दिसंबर को इन सूचियों का प्रारंभिक ड्राफ्ट जारी किया जाएगा, जिसे सभी बूथों पर उपलब्ध कराया जाएगा। मतदाता 23 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
31 दिसंबर तक समाधान, 6 जनवरी को अंतिम सूची
आयोग के मुताबिक, दावे और आपत्तियों का निपटारा 27 दिसंबर तक किया जाएगा। अगर किसी मतदाता को आयोग के निर्णय पर आपत्ति हो, तो वह 31 दिसंबर तक उपायुक्त के पास अपील कर सकता है। इन अपीलों का निपटारा 3 जनवरी 2025 तक होगा और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को किया जाएगा।
34 निकायों में होंगे चुनाव
हरियाणा के 34 निकायों में चुनाव होने हैं, जिनमें 5 नगर निगम, 3 नगर परिषद और 26 नगर पालिका शामिल हैं। नए साल के पहले सप्ताह में चुनाव अधिसूचना जारी होने की संभावना है। आयोग फरवरी 2025 के पहले सप्ताह तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करना चाहता है।
पहले चरण में इन नगर निगमों में होंगे चुनाव
अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर और सोनीपत नगर निगम में पहले चरण में चुनाव होंगे। इनमें से कई नगर निगमों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है या मेयर पद खाली है।
नगर परिषद और नगर पालिकाओं में भी होगा मतदान
सिरसा, अंबाला सदर और पटौदी जाटौली मंडी नगर परिषद के साथ-साथ 26 नगर पालिकाओं में भी चुनाव कराए जाएंगे। इनमें फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह, रोहतक, सोनीपत और यमुनानगर की नगर पालिकाएं शामिल है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
