भिवानी। युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से ‘मेरा युवा भारत’ विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद-2027 का आयोजन किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी प्रियंका ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के जरिए देशभर के युवाओं को अपनी सोच, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक विचार राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विकसित भारत प्रश्नोत्तरी से होगी चयन प्रक्रिया की शुरुआत
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए चयन प्रक्रिया की शुरुआत विकसित भारत प्रश्नोत्तरी से होगी। इसमें 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक युवा mybharat.gov.in पर पंजीकरण कर 30 सितंबर 2026 तक प्रश्नोत्तरी में शामिल हो सकते हैं।
पोर्टल पर पहले से पंजीकृत युवाओं को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
पांच चरणों में होगा युवाओं का चयन
विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद-2027 के लिए चयन प्रक्रिया कुल पांच चरणों में पूरी होगी। इनमें विकसित भारत प्रश्नोत्तरी, निबंध, जिला चैंपियनशिप, राज्य स्तरीय संवाद और राष्ट्रीय स्तर का संवाद शामिल हैं।
प्रश्नोत्तरी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागियों को अगले चरण के लिए चुना जाएगा। इसके बाद प्रत्येक जिले से शीर्ष 50 निबंध चयनित किए जाएंगे। जिला स्तर पर चयनित शीर्ष दो युवा राज्य स्तरीय संवाद में हिस्सा लेंगे।
जनवरी 2027 में भारत मंडपम में राष्ट्रीय संवाद
प्रियंका ने बताया कि कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर का संवाद 10 से 12 जनवरी 2027 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में प्रस्तावित है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को देश के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी सोच और सुझाव रखने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा युवाओं के लिए युवा संसद, युवा उद्यमिता चुनौती, सांस्कृतिक गतिविधियां, नवाचार और विकसित भारत चैलेंज जैसी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की अपील
जिला युवा अधिकारी प्रियंका ने युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पात्र युवाओं को इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता।
उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को सामने लाने के लिए इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
