Tuesday , 8 September 2026

हरियाणवीं सिंगर मासूम शर्मा की बढ़ी मुश्किलें, चंडीगढ़ में दर्ज हुईं FIR

चंडीगढ़, 29जुलाई : पंजाब यूनिवर्सटी में कार्यक्रम के दौरान बैन गाना गाने के आरोप में हरियाणवी सिंगर की मुसीबतें बढ़ती दिख रही हैं। दरअसल सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। उनपर गन कल्चर और बदमाशी को बढ़ावा देने का भी आरोप लगा है। उन पर ये भी आरोप लगा है कि उन्होंने यूनिवर्सिटी में बैन गाने को गाया, जिसके चलते विवाद बढ़ गया और वह कानूनी पचड़ों में भी पड़ गए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

बता दें कि पंजाब यूनिवर्सिटी में 28 मार्च को एक शो हुआ था। जहां मासूम शर्मा भी पहुंचे थे। उन्होंने इस दौरान बैन गाने को गाया जो कानूनी रूप से गलत था। ऐसे में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।

 

मासूम शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज

पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट में सिंगर के खिलाफ याचिका दायर की गई थी। हाई कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए चंड़ीगढ़ के डीसी , डीजीपी और पीयू प्रशासन को नोटिस जारी किया था। इसके बाद मासूम शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज हुआ।

 

शो के बाद हुई थी छात्र की हत्या

जिस शो में मासूम शर्मा ने गाना गाया, उसी दौरान यूनिवर्सिटी के सेकेंड ईयर के छात्र आदित्य ठाकुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कॉन्सर्ट में बहुत ज़्यादा भीड़ थी। शो देखने के बाद जब वे बाहर निकल रहे थे, तो भीड़ के कारण कुछ अन्य छात्रों के साथ उनकी कहासुनी और हल्की झड़प हो गई। इसके बाद हॉस्टल नंबर-8 के पास आरोपियों ने आदित्य ठाकुर और उनके साथियों के साथ झगड़ा किया। इसी दौरान आरोपियों ने छात्र आदित्य की पीठ में चाकू घोंप दिया, जबकि एक अन्य छात्र को दाहिने पैर पर चाकू मारा गया। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा

आदित्य ठाकुर की मौत के बाद मासूम शर्मा के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज की गई। इसके साथ ही, इस पूरे आयोजन को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट में एक याचिका भी डाली गई। कोर्ट ने अवमानना याचिका पर सुनवाई कर चंडीगढ़ के डीजीपी, डीसी और पंजाब यूनिवर्सिटी के डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) को नोटिस जारी किया था। अदालत ने इन सभी अधिकारियों से जवाब मांगा था कि हाईकोर्ट के पुराने आदेशों के बावजूद ऐसे हिंसक और आपत्तिजनक गानों वाले कार्यक्रम को कैसे होने दिया गया। अब इस मामले में सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ पुलिस स्टेशन-11 में आखिरकार केस दर्ज कर लिया गया है।

 

मासूम शर्मा के 14 गाने बैन हो चुके

यह पहली बार नहीं है जब मासूम शर्मा के गाने विवादों में आए हैं। हरियाणा सरकार गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अब तक सरकार करीब 30 गाने बैन कर चुकी है, और इनमें सबसे ज़्यादा 14 गाने मासूम शर्मा के ही हैं।

 

फरवरी 2025 में करनाल में आयोजित लॉ एंड ऑर्डर की रिव्यू मीटिंग में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि ऐसे गानों पर कड़ी निगरानी रखी जाए जो गन कल्चर, नशे और बदमाशी को बढ़ावा देते हैं। इसके बाद मार्च में जिन 7 गानों को यूट्यूब से हटाया गया उनमें से 4 गाने मासूम शर्मा के थे। इसके बाद नरेंद्र भगाना, अंकित बालियान, अमित सैनी रोहतकिया, सुमित पारता, गजेंद्र फोगाट, हर्ष, संधू और राज मावर के गानों को भी बैन किया। इस कार्रवाई के बाद मासूम शर्मा 13 मार्च को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव आए थे। उन्होंने कहा था कि अब वे यह गिनती भी छोड़ चुके हैं कि उनके कितने गाने यूट्यूब से हटाए जा चुके हैं। यह दिखाता है कि इस तरह के कंटेंट पर सरकार की सख्ती लगातार जारी है।

 

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *