Saturday , 25 July 2026

रैली के बाद भूपेन्द्र हुड्डा से बात करते राहुल गांधी का फोटो हुआ वायरल

चंडीगढ,29अप्रेल। हरियाणा में कांग्रेस के गलियारों में रविवार को नई दिल्ली के राम लीला मैदान में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा संबोधित की जाने वाली जनआक्रोश रैली को लेकर बडी सरगर्मियां थी। हर खेमा दावा कर रहा था कि उनकी ओर से सबसे अधिक लोग रैली में पहुचाए जायेंगे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रैली रविवार दोपहर बाद सम्पन्न हो गई। अब हर खेमे की नजर राहुल गांधी की ओर टिक गई है। सभी यह देखना चाहते हैं कि राहुल गांधी उनकी मेहनत का आकलन किस तरह से करते है। बहरहाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा खेमे ने राहुल गांधी के कुछ बोलने से पहले ही अपनी साख बढाने या पीठ थपथपाने वाला काम कर लिया है। इस खेमे ने रैली के बाद हुड्डा से बात करते हुए राहुल गांधी की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है।

रैली की पूर्व संध्या पर हुड्डा समर्थक विधायक और पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने रैली के बाद हुड्डा को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग उठा दी थी। हरियाणा में कांग्रेस विधायक दल की नेता श्रीमती किरण चौधरी को छोडकर बाकी विधायक हुड्डा के पक्ष में है। मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर को सिर्फ किरण चौधरी का ही साथ मिल पाता है। बहरहाल अब हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव करीब है। संभव है अब आला कमान पार्टी की कमान बदलने का कोई फैसला करे। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने आज हरियाणा से लाखों की संख्या में कांग्रेसजनों एवं प्रदेशवासियों द्वारा दिल्ली में पार्टी की ‘जन आक्रोश रैली’ में भाग लेने के लिए उनका हार्दिक धन्यवाद किया है।

दूसरी ओर मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष पद सम्भालने के बाद पार्टी की यह पहली रैली थी जिसमें देशभर से लाखों की संख्या में लोग पहुंचे और अपने नेताओं के विचार सुने। उन्होंने कहा कि आज की ‘जन आक्रोश रैली’ में जो जन सैलाब उमड़ा वह उनके अनुमान से कहीं अधिक था। डॉ. तंवर ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा ‘जन आक्रोश रैली’ के मंच से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पार्टी में सभी कांग्रेसजनों को समान रूप से तवज्जो दी जायेगी और सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर आरएसएस और भाजपा जैसी राष्ट्र-विरोधी ताकतों के विरूद्ध लड़ाई लड़ें। इससे कांग्रेसजनों में एक नए उत्साह का संचार हुआ है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *