चंडीगढ़, 15 जुलाई — हरियाणा सरकार ने महेंद्रगढ़ जिले के किसानों के लिए सिंचाई क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया है। सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने 1400 लाख रुपये की लागत से सात सिंचाई परियोजनाओं की घोषणा की, जिनका उद्देश्य जल संरक्षण और तालाब पुनर्भरण के जरिए 3,250 एकड़ से अधिक कृषि भूमि को लाभान्वित करना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समर्थन से मंजूर इन परियोजनाओं का मंगलवार को औपचारिक उद्घाटन किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इन परियोजनाओं के तहत पथरवा, जवाहरनगर, नंगला सहित कई गांवों में जल संरक्षण के लिए काम होगा, जहां कुल 460.13 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अतिरिक्त, जल भंडारण टैंक निर्माण, स्प्रिंकलर सिंचाई और भूजल पुनर्भरण के लिए विभिन्न गांवों में योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे करीब 1,500 एकड़ से अधिक भूमि को लाभ मिलेगा।
माधोगढ़ डिस्ट्रीब्यूटरी से माधोगढ़ घाटी तक एचडीपीई पाइपलाइन बिछाने के साथ एक पंप हाउस का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे भूजल पुनर्भरण में वृद्धि होगी। मांधियाली और गढ़ी गांवों के तालाब पुनर्भरण के लिए भी पाइपलाइन परियोजनाएं शामिल हैं, जो क्षेत्र के जल स्तर को सुधारने में मदद करेंगी।
सिंचाई मंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार सूखाग्रस्त दक्षिण हरियाणा में सिंचाई सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
