चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबा लक्खी शाह वंजारा जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कई अहम घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा लक्खी शाह वंजारा एक महान बलिदानी, श्रद्धालु और वीर योद्धा थे, जिन्होंने अपने परिवार समेत 112 से अधिक सदस्यों की शहादत देकर इतिहास में अमर गाथा लिखी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि जिला कुरुक्षेत्र के गांव ईशरगढ़ में स्थित बाबा लक्खी शाह की बावड़ी का सौंदर्यीकरण करवाया जाएगा। इसके साथ ही गांव में उनके नाम पर एक सामुदायिक केंद्र का निर्माण होगा और उनकी एक मूर्ति भी स्थापित की जाएगी। इस काम के लिए मुख्यमंत्री ने 31 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया है, जबकि कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार और कुमारी आरती सिंह राव भी 11-11 लाख रुपये देंगे।
इसके अलावा, समाज की सहमति से प्रदेश में एक चौक और एक सड़क का नाम बाबा लक्खी शाह वंजारा के नाम पर रखा जाएगा, ताकि उनकी वीरता और बलिदान सदैव याद रहे।
गुरु भक्ति और साहस का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा लक्खी शाह वंजारा ने मुगलों के खिलाफ डटकर संघर्ष किया और धर्म की रक्षा के लिए अद्भुत बलिदान दिया। वे ऐसे सिक्ख सेवक थे, जिनकी गुरु भक्ति और वीरता का इतिहास में अनूठा स्थान है।
वंजारा समाज का योगदान
सैनी ने वंजारा समाज को संघर्षशील, मेहनती और स्वाभिमानी बताया, जिसने न केवल देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि देश की रक्षा में भी योगदान दिया है।
घुमंतू जातियों को मुख्यधारा में लाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने घुमंतू जातियों को पहचान पत्र जारी कर उनकी सामाजिक और आर्थिक भागीदारी बढ़ाने का काम शुरू किया है। करनाल, पलवल और रोहतक में गरीब घुमंतू परिवारों को आवासीय प्लाट भी दिए जा रहे हैं, जिससे उन्हें स्थायी आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
विकास मंत्री का समाज के प्रति सम्मान
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि वंजारा समाज मेहनती और साहसी है, जिसने अपनी मेहनत से एक अलग पहचान बनाई है। सरकार अंत्योदय के सिद्धांत के तहत गरीबों के उत्थान के लिए लगातार कार्यरत है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
