
हरियाणा डेस्क:- सिरसा, इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार लुटेरी सरकार है जो दोनों हाथों से जनता के गाढे खून-पसीने की कमाई को लूटकर अपनी तिजोरी भर रही है। वे शुक्रवार को डबवाली रोड स्थित इनेलो जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि इनेलो सत्ता की लोभी नहीं है, वह तो केवल जनता के हितों की लड़ाई लड़ रही है और प्रदेशवासियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। हरियाणा में चल रही पद परिवर्तन यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में इस पदयात्रा की खासी चर्चा है और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला को प्रदेशवासी सिर आंखों पर बिठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा आगामी जून के प्रथम सप्ताह में सिरसा आ सकती है ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इसलिए इस पदयात्रा की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से तैयारी कर लें और अधिक से अधिक लोगों को इस पदयात्रा का हिस्सा बनाएं। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार प्रदेशवासी इनेलो को अपना प्यार और समर्थन दे रहे हैं, उससे निश्चित है कि हरियाणा में अगली सरकार इनेलो की होगी और फिर से सही मायने में हरियाणा के विकास की सही तस्वीर को उकेरा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की वर्तमान सरकार पूंजीपतियों की सरकार है और उन्हें आमजन की दुख तकलीफ से कोई लेना देना नहीं है। वह केवल पूंजीपतियों के उद्योगों के विस्तार की योजना बनाकर अमलीजामा पहनाती है। उन्होंने कहा कि इनेलो सरकार के समय उन्होंने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम चलाते हुए हरियाणा के सभी गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निदान किया था और विकास क्रम को आगे बढ़ाया था। आज हालात ये हैं कि न तो अस्पताल में चिकित्सक हैं और न ही दवाएं, स्कूलों के भवन जर्जर हैं तो अध्यापकों की कमी के चलते बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।

हरियाणा में टूटी सडक़ों, बढ़ते अपराध के साथ व्यापारियों पर टैक्सों की इतनी अधिक मार मारी जा रही है कि दो वक्त की रोटी का भी संकट पैदा हो गया है। मुख्यमंत्री आवास में किसी की समस्याएं नहीं सुनी जाती है और वह सूना पड़ा रहता है। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि वर्ष 2024 में इनेलो की सरकार बनते ही बुढ़ापा सम्मान भत्ता 7500 रुपए मासिक और युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता 21 हजार रुपया दिया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, नछत्र सिंह मल्हान, पूर्व विधायक डॉ. सीताराम, बिश्ंबर छाबड़ा, सुभाष नैन, जसवीर सिंह जस्सा, मोहनलाल झोरड़, अभय सिंह खोड़, गुरविंद्र सिंह गिल, इनेलो महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट, इनेलो प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, एडवोकेट प्रदीप मेहता, विनोद अरोड़ा, महंत बलदेव दास, विनोद दड़बी, जसविंद्र बिंदु, पुष्पा नारंग, कमलेश संधु, संदीप चौधरी, मंदर सिंह ओढां, अंगूरी देवी, महेंद्र बाना, राजेंद्र बरासरी, हंसराज कंबोज व नरेश सहारण आदि पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
