Tuesday , 29 September 2026
RWA विवाद ने पकड़ा तूल, महिला सचिव,पर हमला
RWA विवाद ने पकड़ा तूल, महिला सचिव,पर हमला

पानीपत TDI सिटी में RWA विवाद ने पकड़ा तूल, महिला सचिव के परिवार पर हमला करने का आरोप!

पानीपत: पानीपत की TDI सिटी में RWA विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। महिला RWA सचिव के परिवार ने पड़ोसी और दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही पुरुषोत्तम वत्स समेत कई लोगों पर घर में घुसकर रॉड-डंडों से हमला करने के आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि हमले में कई लोग घायल हुए, जबकि बीच-बचाव करने आई दो साल की बच्ची के साथ भी मारपीट की गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की ओर से भी महिला सचिव और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

सितंबर 2025 के RWA चुनाव के बाद शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, सितंबर 2025 में TDI सिटी के RWA चुनाव के दौरान एकता बंसल और पड़ोसी पुरुषोत्तम वत्स आमने-सामने थे। चुनाव के बाद भी दोनों पक्षों के बीच विवाद बना रहा। एकता बंसल फिलहाल RWA की सचिव हैं।

परिवार का आरोप है कि चुनावी रंजिश को लेकर पुरुषोत्तम वत्स और उनके बीच लगातार विवाद होता रहा।

ऑनलाइन सुनवाई में अभद्र टिप्पणी का आरोप

परिवार की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, RWA से जुड़े एक मामले की 22 सितंबर को ऑनलाइन सुनवाई हुई थी। इस दौरान पुरुषोत्तम वत्स पर एकता बंसल के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।

परिवार का दावा है कि एकता बंसल को कथित तौर पर ‘कैरेक्टरलेस’ कहा गया। इसी मामले को लेकर अगले दिन एकता बंसल पुरुषोत्तम से बातचीत करने उनके घर पहुंचीं।

सुबह घर पर विवाद के बाद बढ़ा मामला

शिकायत के अनुसार, 27 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे एकता बंसल पुरुषोत्तम वत्स के घर गई थीं। परिवार का आरोप है कि वहां उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई।

शोर सुनकर एकता का बेटा मौके पर पहुंचा और उन्हें वहां से लेकर आया। परिवार का यह भी आरोप है कि इस दौरान उन्हें धमकी दी गई।

इसके करीब एक घंटे बाद विवाद और बढ़ गया। परिवार के मुताबिक, पुरुषोत्तम वत्स, उनकी पत्नी रीना वत्स, कृष्ण वत्स, दीपांशु और कुछ अन्य लोग रॉड-डंडे लेकर शिवानी बंसल के घर पहुंचे।

घर में घुसकर मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप

परिवार का आरोप है कि दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपियों ने जबरन घर में प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिवानी बंसल ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बाल खींचे गए और कपड़े फाड़ दिए गए। परिवार का दावा है कि जब उनकी दो साल की बेटी बीच-बचाव के लिए आई तो उसके साथ भी मारपीट की गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एकता बंसल के सिर और कंधे पर लोहे की रॉड से वार किया गया।

घर के गेट का शीशा टूटने से आंख में चोट का दावा

परिवार के मुताबिक, मारपीट के दौरान घर के गेट का शीशा भी टूट गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि टूटे कांच के टुकड़े मनन बंसल की आंख में चले गए।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की पूरी परिस्थितियों और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।

मोबाइल वीडियो में धमकी रिकॉर्ड होने का दावा

शिकायतकर्ता परिवार का कहना है कि घटना के दौरान शिवानी के पति ने मोबाइल से वीडियो बनाया। परिवार का दावा है कि रिकॉर्डिंग में धमकी देने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं।

परिवार ने आरोप लगाया कि घर से जाते समय भी उन्हें शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

दूसरे पक्ष ने भी दी शिकायत

मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दी गई है। इसमें एकता बंसल, मनन, शिवानी समेत अन्य लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

सेक्टर-13/17 थाना प्रभारी SI दीपक के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायत पुलिस को मिली है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में जिसकी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल TDI सिटी का यह RWA विवाद दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद पुलिस जांच के दायरे में है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *