इंद्री: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इंद्री विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद रैली में भाजपा सरकार की तीसरी बार सत्ता में वापसी पर जनता का आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस पर तीखे हमले किए और कहा कि कांग्रेस ने संविधान को खतरे में बताकर राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश की, लेकिन जनता ने उसे नकार दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “जनता ने भाजपा की नीतियों पर विश्वास जताकर लगातार तीसरी बार हरियाणा में भाजपा सरकार बनाने का काम किया है। कांग्रेस ने संविधान को खतरे में बताने का झूठ फैलाया, जबकि असल खतरा कांग्रेस के अस्तित्व पर है। उनकी नीतियां और कार्यप्रणाली देश की जनता को स्वीकार नहीं हैं।”
कांग्रेस पर आरोप और भाजपा की नीतियों की प्रशंसा
सैनी ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा, “कांग्रेस के नेता चुनाव के दौरान 50 वोट के बदले एक नौकरी देने की बातें करते थे। लेकिन हरियाणा की जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। हमने बिना पर्ची और बिना खर्ची के लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। जनता ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली पार्टियों को साफ कर दिया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में हरियाणा के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तीसरे कार्यकाल में विकास कार्यों की गति तीन गुना तेज होगी।
प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों का जिक्र
सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा, “मोदी जी ने न केवल वह किया जो कहा, बल्कि जो नहीं कहा, उसे भी धरातल पर उतारने का काम किया। वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की उनकी योजना के तहत हरियाणा सरकार जनकल्याण की नीतियों को प्राथमिकता दे रही है। हमारी सरकार अंत्योदय दर्शन के अनुरूप गरीबों के उत्थान और सबका साथ-सबका विकास की नीति पर काम कर रही है।”
कांग्रेस की नीतियों की विफलता पर हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 55 वर्षों तक गरीबी हटाने का केवल नारा दिया, लेकिन कभी भी गरीबों के उत्थान के लिए काम नहीं किया। उन्होंने कहा, “पहले पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था और गरीब वंचित रह जाता था। भाजपा सरकार ने इस व्यवस्था को बदलकर पारदर्शी प्रशासन की मिसाल पेश की है। कांग्रेस के नेता ईवीएम को दोष दे रहे हैं, लेकिन असल में कांग्रेस की नीतियां खराब थीं, इसी कारण जनता ने उन्हें नकार दिया।”
इंद्री के विकास के लिए प्रतिबद्धता
रैली के अंत में सैनी ने इंद्री क्षेत्र के विकास को नई गति और दिशा देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनकल्याण और हरियाणा के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
