चंडीगढ़,24 जनवरी : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस, राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा, “कुछ लोगों ने कांग्रेस राज सीखा हुआ है, काफी लोगों की आदत छुड़वा दी है और बाकियों की भी छुड़वा देंगे।”
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राहुल गांधी की गतिविधियों को बताया देशविरोधी
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए अनिल विज ने कहा कि उनकी हरकतें देश विरोधी हैं। विज ने कहा, “राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश के खिलाफ बयान देते हैं। चीन की पार्टी से उनके तालमेल की खबरें भी सामने आती रहती हैं। वह देश के नहीं, बल्कि देश के खिलाफ खड़े लोगों के साथ हैं।”
विज यह बयान मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल पर दे रहे थे, जिसमें हिंदूवादी नेता ने राहुल गांधी के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की थी। इस पर विज ने टिप्पणी करते हुए कहा, “कोई कोर्ट में क्या याचिका दायर करता है, इस पर मैं कुछ नहीं कहूंगा। लेकिन राहुल गांधी की हरकतें ऐसी हैं, जो देश विरोधी हैं और यह बात किसी से छिपी नहीं है।”
ममता बनर्जी को दिया जवाब
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा केंद्र सरकार पर फंड रोकने के आरोपों पर विज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार पूरे देश में योजनाओं के लिए फंड देती है। लेकिन अगर पश्चिम बंगाल सरकार आयुष्मान योजना जैसी लाभकारी योजनाओं को लागू नहीं करती, तो उन्हें जनता को इसका सच बताना चाहिए। फंड की कमी का आरोप लगाने से पहले उन्हें अपनी नीतियों पर विचार करना चाहिए।”
हुड्डा पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा द्वारा प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को खराब करने के आरोप पर विज ने कहा, “हुड्डा साहब 10 साल मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में क्या किया? अब भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधार रही है। प्रदेश में अच्छे स्कूल बनाए जा रहे हैं और शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।”
भाजपा की लोककल्याणकारी नीतियों का समर्थन
अनिल विज ने भाजपा सरकार की नीतियों को लोककल्याणकारी बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता की भलाई है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने प्रदेश और देश में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। जनता को कांग्रेस की नीतियों से छुटकारा दिलाकर भाजपा ने विकास और पारदर्शिता की राह दिखाई है।”
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
