अंबाला , 28 जुलाई 2025 — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को अंबाला में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अंबाला सहित राज्य में 10 नए इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) स्थापित करेगी। इन औद्योगिक केंद्रों से न केवल निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूजा फाउंडेशन द्वारा आयोजित “उत्कृष्ट शिक्षा पुरस्कार — 2025” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर दसवीं और बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गुरुग्राम और पंचकूला को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) हब बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके तहत हजारों युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो सकें।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा, “आप जो भी करें, उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ दें। ईमानदारी और मेहनत से ही सफलता सुनिश्चित होती है।” उन्होंने नशा विरोधी अभियान का ज़िक्र करते हुए कहा कि हाल ही में आयोजित साइक्लोथॉन में 7.5 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी यह दिखाती है कि हरियाणा का युवा नशे से लड़ने को तैयार है।
राज्य सरकार की उपलब्धियों पर बोलते हुए श्री सैनी ने बताया कि बीते 11 वर्षों में सरकारी सिस्टम में सुधार लाकर पारदर्शिता लाई गई है, जिससे युवाओं को बिना पर्ची—बिना खर्ची की सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। साथ ही लड़कियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर 20 किलोमीटर की दूरी पर कॉलेज खोले जा रहे हैं।
इस विशेष अवसर पर पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूजा फाउंडेशन के चेयरमैन विनोद कुमार और अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद थे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
