Saturday , 31 October 2026
हरियाणा में BJP ने मनाया 'संविधान हत्या दिवस

हरियाणा में BJP ने मनाया ‘संविधान हत्या दिवस’: CM सैनी बोले- इमरजेंसी लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला, कांग्रेस को घेरा

चंडीगढ़, 25 जून 2025 – आपातकाल (Emergency) की 50वीं वर्षगांठ पर हरियाणा में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूरे प्रदेश में ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में दिन मनाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित पार्टी के 27 वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों में भाग लिया और कांग्रेस के शासनकाल को लोकतंत्र के लिए काला अध्याय बताया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बंसीलाल परिवार को कार्यक्रम से दूर रखने पर उठा सवाल

कार्यक्रम में एक खास बात यह रही कि इमरजेंसी के समय हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे चौधरी बंसीलाल के परिवार से राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और राज्य मंत्री श्रुति चौधरी को कार्यक्रमों से दूर रखा गया। इस पर सवाल पूछे जाने पर सीएम सैनी ने साफ किया,

“किसी को दूर नहीं रखा गया। किसने कहा ऐसा? हो सकता है उनकी अपनी व्यस्तताएं हों। यह 140 करोड़ देशवासियों को सम्मान देने का दिन है। हम उन लाखों लोगों को याद कर रहे हैं जिन्होंने उस काले दौर में अत्याचार सहे।”

CM नायब सिंह सैनी की 4 अहम बातें:

1. “विज और खट्टर के पिता को जबरन उठाया गया”

करनाल में अपने भाषण में सैनी ने इमरजेंसी को “संविधान की हत्या” करार देते हुए कहा,

“1975 में कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र को कुचल दिया था। अनिल विज और मनोहर लाल खट्टर के पिता को जबरन उठाया गया क्योंकि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष की जय बोलने से इनकार कर दिया था। उन्हें घोर यातनाएं दी गईं।”

2. “2014 के बाद असली आज़ादी का अनुभव”

उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश ने “वास्तविक आज़ादी और विकास” का अनुभव किया।

“अटल जी ने दिल्ली-अमृतसर फोरलेन की नींव रखी थी, लेकिन कांग्रेस ने उसे धीमा कर दिया। अब विकास रफ्तार पकड़ चुका है। 2047 तक मोदी जी का सपना साकार होगा।”

3. “नायकों का बलिदान परिवारवाद के लिए नहीं था”

सैनी ने आज़ादी के नायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका बलिदान किसी परिवार के सत्ता में आने के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की रक्षा के लिए था।

“आज कुछ लोग आज़ादी के नाम पर अपने परिवार को स्थापित करने में लगे हैं, जबकि हमारे नायक निस्वार्थ बलिदान देने वाले थे।”

4. “तीन पीढ़ियों की कुर्बानी का स्मरण”

सैनी ने गुरु तेग बहादुर, गुरु गोविंद सिंह और उनके पुत्रों के बलिदान को याद करते हुए कहा,

“यह देश बलिदानों पर खड़ा है। हम सिर्फ अतीत को नहीं याद कर रहे, बल्कि एक ऐसे भविष्य की नींव रख रहे हैं, जिसमें लोकतंत्र हमेशा जीवित रहे।”


कांग्रेस पर सीधा निशाना

BJP ने पूरे राज्य में कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। पार्टी का आरोप है कि इमरजेंसी के दौरान देश के संविधान, मानवाधिकारों और न्याय प्रणाली की खुलेआम अवहेलना की गई थी।
राज्य में जगह-जगह प्रदर्शनी, सेमिनार और जनसंवाद के माध्यम से युवाओं को इमरजेंसी की तथ्यों के आधार पर जानकारी दी गई।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *