Haryana News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत 100 सप्ताह के देशव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान देशभर के लगभग 28,000 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने भाग लिया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब के कोटकपूरा से इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल हुए और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!‘हरियाणा में अभियान सफल, पंजाब में नशा बढ़ा’
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया है। उन्होंने कहा कि राहगिरी, साइक्लोथॉन, मैराथन और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने का लगातार प्रयास किया गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या लगातार बढ़ी है और वहां के युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिलने के कारण स्थिति और गंभीर हुई है।
AAP और कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की वर्तमान आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने युवाओं और किसानों से कई बड़े वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा करने में सफल नहीं रहीं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर युवाओं और किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी।
किसानों के लिए हरियाणा मॉडल का किया जिक्र
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में सरकार 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद कर रही है। इसके साथ ही भावांतर भरपाई योजना के तहत फल और सब्जियों के बाजार मूल्य कम होने पर किसानों को अंतर की राशि सरकार द्वारा दी जाती है। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो वहां भी ऐसी योजनाएं लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
युवाओं से किया नशे से दूर रहने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा नशे से दूर रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और पूरे देश को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
