चंडीगढ़, 3 जून 2025: हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ी पहल की है। चंडीगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कुरुक्षेत्र, अंबाला और कैथल जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ गहन मंथन कर स्वास्थ्य सुविधाओं के हालात का जायजा लिया। बैठक के बाद मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी — डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आरती सिंह राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी खराब चिकित्सा उपकरणों की मरम्मत तुरंत कराई जाए या उन्हें नए उपकरणों से बदला जाए। इसके साथ ही अस्पतालों में स्वच्छता और बुनियादी ढांचे के उन्नयन पर जोर देते हुए उन्होंने एक रोगी-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए नियमित रखरखाव को अनिवार्य बताया।
स्वास्थ्य होगा अब प्राथमिकता का विषय
मंत्री ने कहा, “स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर जिले को यह सुनिश्चित करना होगा कि लोगों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। कोई भी जिला पीछे नहीं रहना चाहिए।”
बैठक में एंबुलेंस सेवाओं की उपलब्धता और कार्यक्षमता पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि आपातकालीन स्थिति में देरी की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
डाटा निगरानी और जवाबदेही की बात भी रखी गई
आरती सिंह राव ने जिला स्तरीय स्वास्थ्य संकेतकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित डेटा रिपोर्टिंग, पारदर्शिता और अंतर-विभागीय समन्वय को मजबूत करने की सलाह दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए हरसंभव सहायता देगी।
बैठक में डीजीएचएस डॉ. मनीष बंसल, डीजीएचएस (पी) डॉ. कुलदीप सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मंत्री के निर्देशों पर अमल करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी परियोजनाओं को पूरा करने का आश्वासन दिया।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
