बराड़ा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में महिला सशक्तिकरण को नई रफ्तार मिली है। आज महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि देश के विकास में महत्वपूर्ण भागीदार बन रही हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डॉ. अर्चना गुप्ता शुक्रवार को बंसल पैलेस, बराड़ा में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी के साथ शामिल हुईं।
महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकारों ने महिलाओं को अधिकार देने के साथ-साथ उनके सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में महिलाएं देश की सर्वोच्च संवैधानिक और राजनीतिक जिम्मेदारियों तक जरूर पहुंचीं, लेकिन आम महिलाओं के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने के लिए पर्याप्त ठोस कदम नहीं उठाए गए।
उज्ज्वला योजना का किया जिक्र
अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं को समझते हुए कई योजनाओं को जमीन पर उतारा। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गरीब परिवारों की महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर उन्हें रसोई के धुएं से राहत देने का काम किया गया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
पक्के मकान से बढ़ा महिलाओं का स्वाभिमान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को पक्के मकान की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि मकान के दस्तावेजों और नेम प्लेट पर महिलाओं का नाम होने से उनके भीतर स्वाभिमान और आत्मविश्वास बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां राफेल जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं और सेना के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं।
महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान
डॉ. अर्चना गुप्ता ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे गांव-गांव और ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत करें। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने का काम करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं को अधिकार और सम्मान दिलाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
