Thursday , 15 October 2026
डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हितैषी फाउंडेशन की ब्रांड एंबेसडर

डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हितैषी फाउंडेशन की ब्रांड एंबेसडर, हर जिले तक पहुंचेगा अंगदान अभियान!

पंचकूला, 14 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मानवता की सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सबसे पहले स्वयं पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर मृत्यु उपरांत अंगदान का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगाई जा सकती है। इसी मानवीय भावना को साकार करते हुए उन्होंने अंगदान करने का निर्णय लिया। पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हितैषी फाउंडेशन के कार्यों का प्रस्तुतिकरण देखने के बाद संस्था के अनुरोध पर उसकी ब्रांड एंबेसडर बनना भी स्वीकार किया। साथ ही, अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस अभियान को हरियाणा के प्रत्येक जिले तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बीती शाम भाजपा प्रदेश कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत सामाजिक संगठन हितैषी फाउंडेशन पंचकूला द्वारा देहदान-अंगदान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। फाउंडेशन के चेयरमैन भारत हितैषी और उनकी टीम के प्रयासों से रूबरू होने के बाद डॉ. गुप्ता ने कहा कि अंगदान मानवता की सेवा का ऐसा माध्यम है, जिससे मृत्यु के बाद भी दूसरों को जीवन की उम्मीद दी जा सकती है। किडनी, लिवर, हार्ट और त्वचा जैसे अंगों एवं ऊतकों की जरूरत अनेक मरीजों को होती है। ऐसे में समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों को समय रहते इस विषय की जानकारी देकर स्वेच्छा से अंगदान के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने फाउंडेशन के प्रमुख भारत हितैषी को अपना भरा हुआ अंगदान फॉर्म सौंपा तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल पर स्वयं अपना पंजीकरण भी किया।

अभियान के विस्तार पर जोर देते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सोसायटी के सदस्य अपने रिश्तेदारों और मित्रों के सहयोग से हर जिले में एक जिम्मेदार व्यक्ति को जोड़ें, जो स्थानीय स्तर पर अभियान का नेतृत्व कर सके। धीरे-धीरे इस नेटवर्क में सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया जाए, ताकि अंगदान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचे। उन्होंने हरियाणा भाजपा नमो सेवा पोर्टल पर पंजीकरण कराकर अभियान से जुड़ने की अपील की और भरोसा दिलाया कि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए वे स्वयं भी सक्रिय सहयोग देंगी।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और ब्रेन डेड होने की परिस्थितियों में अंगदान के प्रति जागरूकता तथा संबंधित संस्थाओं के बीच समन्वय महत्वपूर्ण है। इसके लिए सामाजिक संगठनों और आवश्यकता के अनुसार पुलिस विभाग को भी अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि लोगों तक सही जानकारी पहुंचे और अंगदान की प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित हो।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा से प्रेरित सेवा संकल्प अभियान में भी अंगदान को शामिल किया गया है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सेवा का भाव जीवन तक सीमित नहीं है। अंगदान का संकल्प मृत्यु के बाद भी मानवता के लिए योगदान देने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सोसायटी के सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए आह्वान किया कि वे इस मुहिम को जनभागीदारी से व्यापक बनाएं, ताकि हर जिले में जागरूक लोगों का नेटवर्क तैयार हो और अंगदान के माध्यम से जरूरतमंदों को नया जीवन देने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा सकें।

इस अवसर पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने फाउंडेशन के माध्यम से देहदान एवं अंगदान कर चुके नागरिकों के परिजनों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल एवं फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *