हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा उपमंडल में एक बोलेरो जीप के दुर्घटनाग्रस्त होने में इसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह पुलिसकर्मी शामिल हैं। तीन पुलिसकर्मी समेत चार लोग घायल हुए हैं। वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। शुक्रवार सुबह ये पेट्रोलिंग डयूटी पर जा रहे थे कि इनकी जीप हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जांच में भूस्खलन को हादसे का कारण माना गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़ी से विशालकाय पत्थर पुलिस जवानों की चलती जीप पर गिर गए। इससे जीप ने संतुलन खोया और यह गहरी खाई में लुढ़कने के बाद सियोल नदी में जा गिरी। उन्होंने बताया कि जीप तीसा से बैरागढ़ की तरफ जा रही थी कि तरवाई नामक स्थान पर यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जीप में नौ पुलिसकर्मी सहित 11 लोग सवार थे। इनमें सात ने दम तोड़ दिया। मृतकों में छह पुलिसकर्मी हैं। इनकी पहचान एसआई राकेश गोरा, हेडकांस्टेबल प्रवीण टंडन, कैप्टन कमलजीत, सचिन, अभिषेक और लक्ष्य कुमार के तौेर पर हुई है। इसके अलावा जीप चालक स्थानीय निवासी चंदरू राम की भी मौेत हुई है। वहीं एक अन्य स्थानीय निवासी और तीन पुलिसकर्मी घायल हैं। हादसे का शिकार हुए पुलिस जवान चंबा के सीमावर्ती क्षेत्र स्थित द्वितीय बैटालियन में तैनात थे।
हादसे का पता लगते ही तीसा पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन के लुढ़कने पर कुछ लोग छिटक कर बाहर आने से बाल-बाल बच गए। हालांकि वे गम्भीर रूप से चोटिल हुए हैं। चंबा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सड़क दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति के लिए प्रार्थना की है और शोकग्रस्त परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
