Saturday , 22 August 2026
Gen-H Startup Summit में CM सैनी का युवाओं से सीधा संवाद, बोले- ‘Job Seeker नहीं, Job Creator बनें’

Gen-H Startup Summit में CM सैनी का युवाओं से सीधा संवाद, बोले- ‘Job Seeker नहीं, Job Creator बनें’

गुरुग्राम, 21 अगस्त: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला दौर नई तकनीक, इनोवेशन और नई सोच का है। युवाओं को सिर्फ नौकरी की तलाश तक सीमित रहने के बजाय अपने उद्यम शुरू कर रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। सरकार युवाओं के आइडिया को बिजनेस में बदलने के लिए प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्यमंत्री शुक्रवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित Gen-H Startup Summit–युवा उद्यमी चौपाल में Gen-Z युवाओं और युवा उद्यमियों के साथ सीधे संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मंच से भाषण देना नहीं, बल्कि युवाओं के विचार सुनना, उनकी समस्याएं समझना और उनके सवालों का सीधे जवाब देना है।

‘Idea to Enterprise और Enterprise to Employment’ पर जोर

CM सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उनके आइडिया को सही दिशा और संसाधन देने की है। सरकार ऐसा उद्यमिता इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जहां युवा अपने विचार को व्यवसाय में बदलने के लिए आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकें। उन्होंने सरकार का विजन बताते हुए कहा कि लक्ष्य “Idea to Enterprise और Enterprise to Employment” है। यानी एक विचार को उद्यम में बदलना और फिर उसी उद्यम के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना।

हरियाणा में 12,500 स्टार्टअप का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में इस समय 12,500 स्टार्टअप हैं। उन्होंने युवा उद्यमियों से अपील की कि हर मौजूदा स्टार्टअप कम से कम एक नया स्टार्टअप तैयार करने की दिशा में काम करे, ताकि प्रदेश में 25 हजार से ज्यादा स्टार्टअप का नेटवर्क विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि नए उद्यमियों को फंडिंग, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण, मेंटरशिप और बाजार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष फोकस है।

छह मास्टर क्लास में युवाओं को ट्रेनिंग

युवा उद्यमी चौपाल में छह मास्टर क्लासरूम बनाए गए, जहां सफल उद्यमियों ने युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। प्रत्येक क्लासरूम में करीब 50 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण हासिल करने वाले युवाओं को वास्तविक कारोबारी माहौल समझाने के लिए MSMEs से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।

Startup Room में बैंक और विशेषज्ञों से मिला मार्गदर्शन

कार्यक्रम में बनाए गए Startup Room में सफल उद्यमियों ने नए स्टार्टअप शुरू करने की बारीकियां साझा कीं। बैंकों की ओर से ऋण और वित्तीय सहायता से जुड़ी जानकारी दी गई, जबकि स्किल यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने युवाओं को जरूरी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को किसी भी स्तर पर परेशानी होने पर उन्हें उचित संस्थागत सहयोग मिलना चाहिए।

हर जिले तक पहुंचेगी ‘युवा उद्यमिता यात्रा’

मुख्यमंत्री ने ‘युवा उद्यमिता यात्रा’ का भी शुभारंभ किया। यह यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों में कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, ITI और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा के रूट पहले से तय करने और संबंधित शिक्षण संस्थानों में इसकी जानकारी समय रहते पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान प्रदर्शनियां लगाने और बैंकों के स्टॉल के जरिए युवाओं को वित्तीय सहायता की जानकारी देने पर भी जोर दिया।

45 हजार से ज्यादा आइडिया, 400 युवा उद्यमी शामिल

Gen-H Startup Summit में प्रदेश की युवा प्रतिभा की झलक भी देखने को मिली। सरकार के अनुसार राज्य के Ideathon में अब तक 45 हजार से ज्यादा आइडिया सामने आ चुके हैं, जबकि करीब 400 युवा उद्यमियों ने समिट में हिस्सा लिया। चुनिंदा उद्यमियों ने राउंडटेबल चर्चा के दौरान अपने अनुभव, चुनौतियों और बिजनेस आइडिया साझा किए।

AI और रोबोटिक्स अपनाने की अपील

CM सैनी ने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलाव के इस दौर में युवाओं को लगातार खुद को अपडेट करना होगा। उन्होंने युवाओं से अपने उत्पादों और विचारों को केवल स्थानीय बाजार तक सीमित न रखने और वैश्विक बाजार को ध्यान में रखकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

युवाओं के सवालों का CM ने दिया जवाब

कार्यक्रम में युवाओं ने मुख्यमंत्री से स्टार्टअप फंडिंग, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग, रोजगार और भविष्य के अवसरों से जुड़े सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं के आइडिया और उनकी आकांक्षाओं को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखने और लगातार प्रयास करते रहने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटा सा विचार भी सही मार्गदर्शन और मेहनत के जरिए बड़े उद्यम में बदल सकता है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *