चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी में पीएचडी स्कॉलर ज्योति की करंट लगने से मौत के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने वाइस चांसलर (VC) आवास और कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदर्शन के दौरान कई छात्र VC हाउस के मुख्य गेट पर चढ़ गए, जबकि कुछ छात्र गेट फांदकर परिसर के अंदर पहुंच गए। सुरक्षा कर्मियों ने गेट बंद कर छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहा। छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इससे पहले मंगलवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की पीएचडी स्कॉलर ज्योति, जो हरियाणा के महेंद्रगढ़ की रहने वाली थीं, की करंट लगने से मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, हादसा गर्ल्स हॉस्टल नंबर-8 और हॉस्टल नंबर-10 के बीच UIET को जोड़ने वाले रास्ते पर हुआ। बताया गया कि ज्योति हॉस्टल की ओर जा रही थीं, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर गिर पड़ीं। उन्हें तुरंत GMCH-16 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे कैंपस में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। वहीं, छात्र परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और जांच की मांग कर रहे हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
