फरीदाबाद: एनएचपीसी के पास सोमवार रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार 36 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों महिलाएं ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक पानी के टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ड्यूटी से घर लौट रही थीं दोनों महिलाएं
सराय थाना पुलिस के अनुसार, एसजीएम नगर की 22 फुट रोड निवासी आशा (36) ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हाउसकीपिंग स्टाफ के तौर पर काम करती थीं। इन दिनों उनकी ड्यूटी एनएचपीसी के पास स्थित ईएसआईसी गर्ल्स हॉस्टल में लगी हुई थी।
सोमवार रात ड्यूटी खत्म होने के बाद आशा अपनी एक महिला सहकर्मी के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रही थीं।
एनएचपीसी के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, एनएचपीसी के पास पहुंचते ही एक पानी के टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
आशा को गंभीर चोटें आई थीं और डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
अस्पताल में उपचार के दौरान आशा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। वहीं, हादसे में घायल दूसरी महिला कर्मचारी का अस्पताल में इलाज जारी है।
टैंकर कब्जे में, चालक की तलाश
सराय थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल पानी के टैंकर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों और फरार चालक की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
