फरीदाबाद: साइबर ठगी के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज सात दिनों में 66 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 12 से 18 तारीख के बीच चलाए गए अभियान के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 90 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई, जबकि 39 लाख 73 हजार रुपये से ज्यादा की रकम बैंक खातों में सीज/फ्रीज कराई गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!7 दिन में 66 आरोपियों पर कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, साइबर ठगी के खिलाफ चलाए गए इस अभियान में साइबर सेंटर, साइबर थाना बल्लभगढ़ समेत फरीदाबाद के तीनों साइबर थानों की टीमों ने कार्रवाई की। यह अभियान साइबर डीसीपी हेडक्वार्टर के नेतृत्व में चलाया गया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिन्होंने लालच में आकर अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। इनमें कुछ आरोपी कथित तौर पर म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने के काम में शामिल थे।
कई राज्यों में इस्तेमाल हुए बैंक खाते
जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल हरियाणा के अलावा महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े मामलों में किया गया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के जरिए साइबर ठगी की पूरी चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
8 महीने में 359 मुकदमे वर्कआउट
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 1 जनवरी से 31 अगस्त तक फरीदाबाद साइबर पुलिस ने कुल 359 मुकदमों को वर्कआउट किया। इस दौरान 1,352 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और करीब 23 करोड़ रुपये की राशि बरामद या सीज की गई।
पुलिस के अनुसार, इस रकम में से लगभग 15 करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस लौटाए जा चुके हैं।
कुछ आरोपियों को जमानत, कुछ जेल भेजे गए
पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। इनमें कुछ आरोपियों को जमानत मिल गई, जबकि कुछ को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस आगे की जांच में ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका खंगाल रही है।
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी में बैंक खाता उपलब्ध कराना गंभीर कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
उन्होंने लोगों से साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक रहना सबसे जरूरी है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
