जींद/चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महापुरुष केवल धार्मिक मार्गदर्शक नहीं, बल्कि समाज को सत्य, सेवा, समरसता और राष्ट्रभक्ति की राह दिखाने वाले प्रेरणा स्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को संतों के जीवन मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि समाज में संस्कार, सद्भाव और मानवता की भावना और मजबूत हो सके।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री सोमवार को जींद जिले के उझाना गांव में श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाक नाथ महाराज के नवनिर्मित समाधि स्थल पर आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में मत्था टेका, यज्ञ में पूर्णाहुति दी और ध्वजारोहण भी किया।
उझाना के विकास के लिए 1.51 करोड़ रुपये की सौगात
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर गांव के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये और अन्य विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि गांव में सड़क निर्माण, कुंड तालाब का जीर्णोद्धार, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था और सरकारी स्कूल में विज्ञान संकाय शुरू करने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गौसेवा को बताया भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा
मुख्यमंत्री ने उझाना धाम द्वारा संचालित गौशाला की सराहना करते हुए कहा कि गौशालाएं भारतीय संस्कृति में करुणा, संवेदना और सेवा का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। प्रकृति और गौमाता के संरक्षण की परंपरा भारत की पहचान रही है और यही मूल्य देश को विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है
नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक जैसे विकास कार्य भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। साथ ही आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास पर भी समान रूप से कार्य किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया ऐतिहासिक अवसर
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि संत समाज और प्रदेश के मुख्यमंत्री का एक मंच पर उपस्थित होना समाज के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने इसे विकास, शांति और समृद्धि का संदेश देने वाला अवसर बताया।
डिप्टी स्पीकर ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है और सरकार की कार्यशैली की अन्य राज्यों में भी चर्चा हो रही है।
महंत योगी बालक नाथ ने विकास कार्यों की सराहना की
राजस्थान के तिजारा से विधायक महंत योगी बालक नाथ ने हरियाणा में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में सड़क और आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने बाबा खाक नाथ महाराज के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
