सिरसा, 19 मई – देशभर में सुरक्षा एजेंसियां इन दिनों पूरी तरह अलर्ट हैं। हाल ही में सामने आए पाकिस्तानी जासूसी मामलों के बाद हरियाणा पुलिस भी पूरी चौकसी बरत रही है। इसी सिलसिले में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर रविवार को सिरसा पहुंचे और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
DGP कपूर ने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ केंद्र की जांच एजेंसियों से मिली जानकारियों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे कई एंटी नेशनल एलिमेंट्स की पहचान कर उन्हें जेल भेजा गया है। इनके खिलाफ और सबूत जुटाकर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की दिशा में काम जारी है।
सिरसा और डबवाली में नशा उन्मूलन सबसे बड़ी प्राथमिकता
सिरसा में मीडिया से बातचीत करते हुए DGP कपूर ने साफ किया कि जिले में नशा समाप्त करना पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पंजाब से सटे सिरसा में नशे की समस्या गंभीर रही है, लेकिन हाल के महीनों में पुलिस ने उल्लेखनीय काम किया है। अब तक करीब 50% गांव नशा मुक्त किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मेडिकल नशा भी एक बड़ी चुनौती बन चुका है, जिसे रोकने के लिए फार्मासिस्टों के साथ बैठकें की जा रही हैं। पुलिस लगातार निगरानी बढ़ा रही है ताकि मेडिकल स्टोर्स से प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लग सके।
नई भर्तियों से मिलेगी पुलिस को ताकत
DGP कपूर ने बताया कि हरियाणा पुलिस में 6,000 नए कांस्टेबल ट्रेनिंग में हैं, जिससे पुलिस बल की संख्या में महत्वपूर्ण इजाफा होगा। उन्होंने बताया कि सिरसा जिले में अब 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और भी मजबूत होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि 2024 में, 2023 की तुलना में जिले में अपराध दर में गिरावट आई है, जो पुलिस की सक्रियता और सख्ती का परिणाम है।
टॉप पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित
इस मौके पर कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। DGP कपूर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले वर्ष में सुरक्षा और नशा उन्मूलन को लेकर किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
