चंडीगढ़, 5 मई – हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में राज्य सरकार ने आज गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक और बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए सरकार ने 537 ग्राम पंचायतों और 24 महाग्राम पंचायतों में 1.58 लाख आवेदकों को प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया का शुभारंभ कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस ऐतिहासिक मौके पर हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने संकल्प लिया था कि हर गरीब को उसका खुद का घर मिलेगा। आज हम उस वायदे को पूरा करने की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ा चुके हैं।”
योजना का दायरा और लाभ
इस योजना के तहत: ग्राम पंचायतों में पात्र लाभार्थियों को 100 वर्ग गज महाग्राम पंचायतों में 50 वर्ग गज के आवासीय प्लॉट उपलब्ध करवाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के पहले चरण में 61 ग्राम पंचायत और एक महाग्राम पंचायत में 4,532 लाभार्थियों को प्लॉट मिल चुके हैं, और अब दूसरे चरण में इसका विस्तार करके लाखों जरूरतमंद परिवारों को कवर किया जा रहा है।
डबल इंजन सरकार का असर – प्लॉट भी, आर्थिक मदद भी
मुख्यमंत्री सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री आवास योजना की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गरीबों को सिर्फ जमीन नहीं, बल्कि घर का सपना साकार करने के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवा रही हैं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जमीन, और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान निर्माण के लिए धन – यह दोहरी ताकत गरीबों के जीवन में असली बदलाव लाएगी।”
डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया
इस योजना में ड्रॉ की प्रक्रिया पारदर्शी और डिजिटल तरीके से की जा रही है ताकि हर लाभार्थी को निष्पक्षता के साथ योजना का लाभ मिल सके।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
