चंडीगढ,18सितम्बर। अभा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी व हरियाणा के कैथल से विधायक रणदीप सुरजेवाला ने सोमवार को हरियाणा की भाजपा सरकार से मांग की कि वह प्रदेश में विभिन्न 13 परीक्षाओं के पेपर लीक किए जाने की जांच करवा कर दोषी को सामने लाए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक किए जाने में दोषी जो चाहे हो लेकिन राजनीतिक नेतृत्व की जवाबदेही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी एजेंसी से जांच करवा सकती है। वह चाहे न्यायिक हो या सीबीआई जैसी संस्था हो।
सुरजेवाला ने यहां पत्रकारवार्ता में कहा कि एक तरफ ये पेपरलीक घोटाले हुए हैं और दूसरी ओर हरियाणा में भाजपा सरकार के तीन साल में मात्र 7886 लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है। इसके विपरीत इस सरकार ने बीस हजार नौकरी बर्खास्त कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्पष्ट करें कि इतनी कम नौकरी क्यों दी गईं और बर्खास्तगी इतनी बडी संख्या में क्यों की गई। क्या मुख्यमंत्री इसके लिए प्रायश्चित करने जा रहे है।
सवालों के जवाब में सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में इससे पहले दस साल रही कांग्रेस सरकार ने करीब एक लाख नौकरियां दी थीं और निजी निवेश से तीन लाख लोगों को रोजगार दिलाया। उन्होंने कहा कि देश का युवा केन्द्र की नरेन्द्र मोदी व हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार के झूठ को समझ गया है। मोदी ने दो करोड रोजगार सालाना देने का वायदा किया था जो कि झूठ साबित हुआ है। हरियाणा में मौजूदा सरकार ने कक्षा बारह पास बेरोगार को छह हजार व स्नातक व अधिक शिक्षा प्राप्त बेरोजगार को नौ हजार रूपए मासिक बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा किया था लेकिन यह भी पूरा नहीं किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
