Kinnaur Kailash Yatra : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण किन्नर-कैलाश यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने बुधवार को इस बात की पुष्टि की। बारिश और भूस्खलन के चलते कई प्रमुख पुल और ट्रैकिंग पथ क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उपायुक्त अमित कुमार शर्मा ने बताया कि यात्रा स्थगित करने का निर्णय एक तीर्थयात्रा की मौत और एक अन्य के लापता होने के बाद लिया गया। पश्चिम बंगाल के राजीब कुंडू (45) का शव पार्वती कुंड के पास मिला, जबकि एक अन्य तीर्थयात्री खाई में गिर गया है और अभी तक लापता है।
प्रशासन, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से अब तक 1,196 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। 5 अगस्त को 413 और 6 अगस्त को 553 तीर्थयात्रियों को कांगरांग नाला क्षेत्र से बचाया गया, जबकि 230 तीर्थयात्रियों को पुरवानी मार्ग से सुरक्षित वापस लाया गया।
डीसी शर्मा ने बताया कि तंगलिप्पी और कांगरांग नाला में भूस्खलन और पुलों के बहाव के कारण ट्रैकिंग पथ बेहद खतरनाक हो गए हैं। इस कारण यात्रा के लिए नए पंजीकरण को भी अगली सूचना तक निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से संयम बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
