चंडीगढ,17मई। हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की गतिविधियों पर विवादों के चलते गुरूवार को प्रदेश की भाजपा सरकार ने कमीशन के चेयरमेंन भारत भूषण भारती को निलंबित कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्यमंत्री और ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच यहां बातचीत के बाद निलंबन का आदेश जारी किया गया। शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा ने चेयरमेंन के निलंबन की जानकारी दी। शर्मा ने बताया कि महाधिवक्ता की राय लेने के बाद जांच आयोग का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विवादित प्रश्नपत्र तैयार करने वाली फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पहले तो कमीशन द्वारा राज्य सरकार की नौकरियों में की जाने वाली भर्ती में धन उगाही के आरोप लगाए गए थे और पुलिस ने इस सिलसिले में कमीशन के कुछ कर्मचारियों को गिरफ््तार भी किया था। विपक्ष ने विधानसभा के बजट सत्र में यह मुद्दा उठाया था लेकिन मुख्यमंत्री ने कमीशन के चेयरमेंन को लेकर कहा था कि उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं आई है। इस पर विपक्ष ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा था कि बगैर जांच ही मुख्यमंत्री ने चेयरमेंन को क्लीन चिट दे दी है।
कमीशन के खिलाफ ताजा विवाद जूनियर इंजीनियर परीक्षा में ब्राह्मण समुदाय को आहत करने वाले सवाल पूछे जाने को लेकर पैदा हुआ था। प्रश्नपत्र में पूछा गया था कि हरियाणा में प्रचलित अपशकुनों में क्या काला ब्राह्मण और ब्राह्मण कन्या को माना जाता है। प्रश्नपत्र में इस तरह के सवालों पर ब्राह्मण समुदाय ने कडी आपत्ति व्यक्त की थी और प्रदेश में कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए गए थे। ब्राह्मण समुदाय इस गलती के लिए चेयरमेंन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहा था।
चेयरमेंन के निलंबन की कार्रवाई के एक दिन पहले ही विवादित प्रश्नपत्र मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पत्रकारों से बातचीत में चेयरमेंन को क्लीन चिट देते हुए कहा था कि भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र परीक्षकों का पैनल तैयार करता है और चेयरमेंन को इस बारे में जानकारी नहीं होती है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
