Monday , 14 September 2026
Oplus_131072

हरियाणा में विकास की नई गाथा: ब्राह्मण समाज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का किया अभिनंदन

चंडीगढ़, 14 दिसंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज अपने निवास संत कबीर कुटीर में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की नीतियों और विकास योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने ब्राह्मण समाज को आश्वासन दिया कि भगवान परशुराम की जयंती को सरकारी स्तर पर बड़े भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इस पहल से समाज के सभी वर्गों के साथ ब्राह्मण समाज की सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों के साथ चर्चा की जाएगी।

 

जनता ने तीसरी बार दिखाया भाजपा पर विश्वास

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा की 36 बिरादरियों ने भाजपा की विकासपरक नीतियों पर भरोसा जताते हुए राज्य में तीसरी बार सरकार बनाने का मौका दिया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हरियाणा तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

 

विपक्ष पर निशाना, जनता ने दिखाया आईना

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले विपक्षी दलों ने सरकार बनाने के दावे किए, लेकिन जनता ने उन्हें आईना दिखा दिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की नीतियों को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। भाजपा सरकार ने बिना पर्ची और खर्ची के युवाओं को रोजगार दिया है, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में सरकारी नौकरियां कोर्ट के चक्कर काटती रहीं।”

 

हरियाणा को शिक्षा और स्वास्थ्य का हब बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में काम कर रही है। अब तक 15 जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, और शेष 7 जिलों में भी जल्द काम पूरा होगा। इसके अलावा, हर 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज खोलने का लक्ष्य रखा गया है ताकि लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।

 

किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसले

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इस साल कम बारिश के कारण किसानों को राहत देने के लिए 2000 रुपये प्रति एकड़ का बोनस दिया गया है। अब तक 800 करोड़ रुपये की राशि जारी हो चुकी है और जल्द ही तीसरी किस्त के रूप में 400 करोड़ रुपये और वितरित किए जाएंगे।

 

भाजपा सरकार की प्राथमिकता: सबका साथ, सबका विकास

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी की सोच 36 बिरादरियों को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने कहा, “हरियाणा विकास के मामले में नए आयाम स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री की सोच और जनता का विश्वास हमारी सरकार की ताकत है।”

 

राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा, प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री की नेतृत्व क्षमता और लोगों से जुड़ाव की सराहना की।

 

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *