Sunday , 26 July 2026
हरियाणा में महिला सुरक्षा के लिए बड़ा कदम: पब्लिक ट्रांसपोर्ट में लगेगा ट्रैकिंग डिवाइस, 112 से होगा कनेक्शन

हरियाणा में महिला सुरक्षा के लिए बड़ा कदम: पब्लिक ट्रांसपोर्ट में लगेगा ट्रैकिंग डिवाइस, 112 से होगा कनेक्शन

चंडीगढ़, 23 जून 2025: हरियाणा सरकार ने राज्य में महिलाओं और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी सार्वजनिक परिवहन वाहनों में अब वाहन ट्रैकिंग डिवाइस लगाना अनिवार्य होगा। यह डिवाइस इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम 112 सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्यमंत्री ने यह निर्देश ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की रिव्यू मीटिंग के दौरान दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार राज्य में सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सीएम सैनी ने अधिकारियों को कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण कर उनके कारणों की पहचान की जाए और उसके अनुसार ठोस नीति बनाई जाए।


स्कूली वाहनों की फिटनेस पर सख्त निगरानी

मुख्यमंत्री सैनी ने मीटिंग में स्कूल बसों और स्कूली वाहनों की फिटनेस को लेकर विशेष चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन वाहनों की नियमित तकनीकी जांच हो और फिटनेस के मानकों से कोई समझौता न किया जाए। सीएम ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


बैठक में शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी

इस महत्वपूर्ण बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टी एल सत्यप्रकाश समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि तय समयसीमा में ट्रैकिंग डिवाइस लगाने और फिटनेस निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


राज्य में सुरक्षा के नए मानक स्थापित होंगे

सीएम सैनी के इस फैसले को राज्य में “स्मार्ट और सेफ ट्रांसपोर्ट” की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में ट्रैकिंग डिवाइस लगने से न केवल महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि प्रशासन को भी यातायात निगरानी और आपात स्थिति प्रबंधन में बड़ी मदद मिलेगी।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *