चंडीगढ़/अंबाला, 9 मई 2025: पंजाब और चंडीगढ़ पर संभावित पाकिस्तानी हमले के बाद अब हरियाणा भी हाई अलर्ट पर है। शुक्रवार सुबह 10 बजे अंबाला में 48 मिनट तक लगातार सायरन बजने से पूरे शहर में दहशत फैल गई। सायरन के तुरंत बाद सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए और छात्रों को घर भेज दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अंबाला के जिला मजिस्ट्रेट अजय तोमर ने सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार रात 8 बजे से शनिवार सुबह 6 बजे तक 10 घंटे के ब्लैकआउट का आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि इस दौरान घरों और सड़कों की सभी बाहरी लाइटें बंद रखी जाएं और लोग बिना जरूरत के बाहर न निकलें।
गौरतलब है कि अंबाला एक महत्वपूर्ण सैन्य छावनी है जहां भारतीय वायुसेना और थलसेना के ठिकाने हैं। यह पहला मौका है जब यहां आधिकारिक तौर पर एयर अटैक अलर्ट जारी हुआ है।
राज्य भर में कड़े सुरक्षा इंतजाम:
पंचकूला में भी हाई अलर्ट: सायरन बजने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और अगले दो दिन के लिए स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
हिसार एयरपोर्ट से सभी फ्लाइट्स रद्द: दिल्ली और अयोध्या के लिए उड़ानें रोक दी गई हैं।
गुरुग्राम में वॉर रिलीफ टीम: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने 50 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम तैनात की है। 2,000 से अधिक डॉक्टरों के ब्लड ग्रुप रिकॉर्ड किए गए हैं।
चंडीगढ़ में फायर ब्रिगेड इमरजेंसी मीटिंग: राज्यभर के फायर ब्रिगेड अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है।
बॉर्डर जिलों में सुरक्षा बढ़ाई: सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र और अंबाला में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इमरजेंसी प्लान तैयार:
- सभी डॉक्टरों, पुलिस व फायर ब्रिगेड कर्मियों की छुट्टियां रद्द।
- सरकारी-प्राइवेट अस्पतालों में 25% बेड रिजर्व।
- साढ़े 7 हजार गांवों में सायरन लगाने का काम शुरू, ताकि अलर्ट की तुरंत जानकारी दी जा सके।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं स्थगित।
सरकार की अपील: किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। इमरजेंसी किट और जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
