चंडीगढ़, 12 दिसंबर 2024, (गर्ग)। उत्तर भारत में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में महसूस किया जा रहा है। दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट के साथ ठंड अपने चरम पर है। मौसम विभाग ने हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के तीसरे दिन ही तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट आई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हरियाणा में कोल्ड वेव अलर्ट
मौसम विभाग ने हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, सिरसा, फतेहाबाद, झज्जर, और रोहतक में ठंड के चलते अलर्ट जारी किया है। सर्द हवाओं और कोहरे के कारण सुबह और शाम का समय मुश्किल भरा हो गया है।
हरियाणा के तीन जिले देश में सबसे ठंडे
देशभर में ठंड के बढ़ते प्रकोप के बीच हरियाणा के तीन जिले सबसे ठंडे साबित हुए। राजस्थान का सीकर 1.5 डिग्री सेल्सियस पर सबसे ठंडा रहा, जबकि हरियाणा का हिसार तीसरे स्थान पर, भिवानी चौथे स्थान पर और करनाल आठवें स्थान पर रहे। हिसार के बालसमंद और सोनीपत के सरगथल में पारा 1.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.5 डिग्री कम है।
दिन का तापमान भी गिरा
रोहतक दिन के समय हरियाणा का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने पूरे राज्य में ठंड का स्तर और बढ़ा दिया है।
प्रदूषण स्तर में सुधार
सर्द हवाओं ने प्रदेश में प्रदूषण के स्तर को भी कम कर दिया है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते हरियाणा के अधिकांश जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 से नीचे आ गया है। बहादुरगढ़ का AQI 194, हिसार का 178, गुरुग्राम का 166 और पंचकूला का 155 रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पहाड़ों पर सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर मैदानी इलाकों में महसूस हो रहा है। अगले कुछ दिनों में हवाओं की दिशा बदलने और बादल छाने के कारण रात और दिन के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
जनजीवन प्रभावित
ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह-शाम हल्की धुंध के कारण दृश्यता कम हो गई है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
