
हरियाणा डेस्क:- त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा हरियाणा के प्रभारी बिप्लब देव ने बहादुरगढ़ में शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव की प्रतिमाओं का लोकापर्ण किया है। सैनिक नगर के बारात घर के बाहर तीनों शहीदों की प्रतिमाएं लगाई गई है। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीना राठी ने शहीदी दिवस पर महारक्तदान शिविर भी लगाया। भाजपा प्रभारी बिप्लब देव और प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित भी किया। शहीदी दिवस पर आयोजित समारोह में महिलाओं की भारी भीड़ को सम्बोधित करते हुए बिप्लब देव ने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि असली फ्रीडम तो भाजपा की सरकार में ही मिली है। अब लोगों को उनके हक का पैसा उनके खाते में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में बोलने की आजादी तक नही थी। उन्होंने कहा कि 65 साल में कांग्रेस माताओं को घरों में पीने का पानी तक नही दे पाई। जबकि नरेन्द्र मोदी की सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर में पानी देने का काम किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिप्लब देव के साथ कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और रोहतक लोकसभा के सांसद अरविन्द शर्मा भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने महिला मोर्चा की तरफ से 15 महिलाओं को सुषमा स्वराज अवार्ड से सम्मानित भी किया। अरविन्द शर्मा ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि शहीदों ने अपना सर्वस्व बलिदान कर हमें आजादी दिलाई है और अब आजादी को बरकरार रखना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और रक्त की एक एक बूंद अनमोल जीवन को बचाने का काम करती है। शहीदी दिवस पर झज्जर भाजपा महिला मोर्चा ने एक साथ रक्तदान, प्रतिमा अनावरण और जनसभा का आयोजन किया था। शहीदी दिवस के समारोह में उमड़ी महिलाओं की भीड़ से भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और हरियाणा प्रभारी बेहद खुश नजर आए क्योंकि 2024 के चुनाव में भाजपा का फोकस महिलाओं मतदाताओं पर सबसे ज्यादा है ।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
