चंडीगढ़,11 मार्च। हरियाणा बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे से शुरू हुई, जहां विपक्ष ने बेरोजगारी, महिला सशक्तिकरण, भूमि घोटाले और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी रही, जो 13 मार्च तक चलेगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बेरोजगारी का मुद्दा: हरियाणा बना नंबर-1?
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सदन में बेरोजगारी को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा और सुरक्षा की स्थिति बदहाल हो चुकी है और बेरोजगारी में हरियाणा देश में शीर्ष पर पहुंच गया है। उन्होंने सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप लगाए, साथ ही “रजिस्ट्री घोटाले” और “भ्रष्ट पटवारी लिस्ट” पर भी सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।
कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले यह देखा जाए कि दोषी पटवारी किस समय भर्ती हुए थे। इस पर अशोक अरोड़ा ने कहा कि लिस्ट तो जारी कर दी गई, लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया।
महिलाओं को ₹2100 देने के मुद्दे पर हंगामा
अंबाला से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने सदन में महिलाओं को ₹2100 देने की योजना पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि यह योजना कब लागू होगी और लाभार्थियों के खाते में पैसा कब आएगा। इसके जवाब में मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि मामला अभी विचाराधीन है।
इस पर पूजा चौधरी ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं से किया गया यह वादा केवल चुनावी स्टंट था। इस मुद्दे को लेकर सदन में काफी देर तक हंगामा हुआ।
सरस्वती नदी और पर्यावरण संरक्षण पर सवाल
पिहोवा से कांग्रेस विधायक मनदीप चट्ठा ने सरस्वती नदी के रखरखाव को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान नदी को पुनर्जीवित कर सुंदर बनाया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार इसकी उचित देखभाल नहीं कर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल सरस्वती उत्सव के दौरान दिखावा करता है, लेकिन उसके बाद कोई काम नहीं होता।
विनेश फोगाट ने उठाया शिक्षा का मुद्दा
जुलाना से कांग्रेस विधायक और पहलवान विनेश फोगाट ने लड़कियों की उच्च शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में लड़कियों के लिए उच्च शिक्षा की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है।
इस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जवाब देते हुए कहा कि कनीना में इंडस इंटर कॉलेज में 400 सीटें खाली हैं। पहले इन सीटों को भरने की व्यवस्था की जाएगी, फिर अन्य जरूरतों पर ध्यान दिया जाएगा।
गैंगरेप केस और सत्ता पक्ष बनाम विपक्ष की टकरार
सदन में बीजेपी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के खिलाफ गैंगरेप केस में कांग्रेस विधायक ने नोटिस देने की मांग की। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई और सदन में हंगामा मच गया। स्पीकर को बीच में हस्तक्षेप कर सभी को शांत कराना पड़ा।
निकाय चुनाव में धांधली के आरोप
अशोक अरोड़ा ने निकाय चुनावों में धांधली और प्रशासनिक दबाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों को धमकाया गया कि यदि वे सरकार के खिलाफ मतदान करेंगे तो उनके परिजनों की नौकरी खतरे में पड़ सकती है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
