चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य के सरकारी अस्पतालों में 777 डॉक्टरों के पदों में से पहले 571 डॉक्टरों को नियुक्ति देने का फैसला किया है। इन सभी डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र 8 मार्च को पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित एक विशेष समारोह में सौंपे जाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे और नए नियुक्त डॉक्टरों को संबोधित करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आयुर्वेदिक डॉक्टरों की भी होगी नियुक्ति
इस कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी (एमओ) को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। 500 से ज्यादा आयुर्वेदिक डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं, जिन्हें विभिन्न जिलों में तैनात किया जाएगा। मुख्यमंत्री सैनी हर जिले के एक आयुर्वेदिक मेडिकल अधिकारी और एक सामान्य मेडिकल अधिकारी को नियुक्ति पत्र देंगे।
206 पदों को भरने की योजना
सरकारी अस्पतालों में कुल 777 डॉक्टरों के पदों की भर्ती प्रक्रिया पिछले साल शुरू की गई थी, जिसमें छह हजार से ज्यादा अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था। हालांकि, सत्यापन के दौरान सिर्फ 571 अभ्यर्थी ही नियुक्ति के लिए आए, जिससे 206 पद खाली रह गए। इन खाली पदों को अब प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यार्थियों से भरा जाएगा। सरकार ने संकेत दिए हैं कि अप्रैल तक इन पदों को भी भर लिया जाएगा।
खाली पदों का मुद्दा
हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में फिलहाल करीब एक हजार पद खाली हैं, जिनमें स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के पद भी शामिल हैं। डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को इलाज में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे पहले प्रदेश सरकार ने करीब 1200 पदों के लिए भर्ती निकाली थी, जिसमें से 900 से ज्यादा डॉक्टरों ने सरकारी नौकरी जॉइन की थी। अब, 571 डॉक्टरों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
