दिल्ली,17 जनवरी : हरियाणा के खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा के 9 खिलाड़ियों और कोच को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। पेरिस ओलंपिक की डबल मेडलिस्ट मनु भाकर को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसके अलावा अर्जुन अवॉर्ड पाने वालों में नीतू घनघस, स्वीटी बूरा, संजय कालीरामन, अभिषेक नैन, सरबजोत सिंह, धर्मबीर नैन, अमन सहरावत और नवदीप सिंह का नाम शामिल है। वहीं, हॉकी कोच संदीप सांगवान को द्रोणाचार्य अवॉर्ड से नवाजा गया।
गांव में जश्न का माहौल
मनु भाकर के खेल रत्न से सम्मानित होने के बाद झज्जर जिले के उनके गांव गोरिया में खुशी का माहौल है। गांव के स्कूल में बच्चों और शिक्षकों ने जमकर जश्न मनाया।
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दो मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला शूटर हैं। मनु के पिता रामकिशन ने उन्हें पहले बॉक्सर बनने के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने बॉक्सिंग में नेशनल मेडल भी जीते, लेकिन आंख पर चोट लगने के बाद उन्होंने बॉक्सिंग छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने आर्चरी, टेनिस, स्केटिंग और मार्शल आर्ट्स में हाथ आजमाया और अंततः शूटिंग को अपना करियर बना लिया।
नवदीप की प्रेरणादायक कहानी
2024 के पैरालंपिक में जेवलिन थ्रो के गोल्ड मेडलिस्ट नवदीप सिंह की कहानी संघर्ष से भरी रही। पानीपत में जन्मे नवदीप को बचपन में ही पता चला कि उनकी हाइट नहीं बढ़ेगी। पहले वह पहलवानी करते थे, लेकिन पीठ पर चोट लगने के कारण इसे छोड़ना पड़ा। यूट्यूब पर प्रेरणादायक वीडियो देखने के बाद उन्होंने जेवलिन थ्रो में करियर बनाया। पैरा एशियाई खेलों, टोक्यो पैरालंपिक और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने के बाद नवदीप ने गोल्ड मेडल हासिल कर देश का नाम रोशन किया।
कोच संदीप सांगवान को मिला द्रोणाचार्य अवॉर्ड
हरियाणा के हॉकी कोच संदीप सांगवान को उनके खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रशिक्षण देने और देश को प्रतिभाशाली खिलाड़ी देने के लिए द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
हरियाणा के इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से राज्य और देश का मान बढ़ाया है। यह पुरस्कार न केवल उनके संघर्ष और समर्पण की पहचान है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
