चंडीगढ़, 2 जुलाई: हरियाणा सरकार शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने आज पंचकूला स्थित शिक्षा सदन में समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि अब सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को IIT, NDA और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। इस योजना के तहत पहले कुछ ब्लॉकों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा, जिसमें सरकारी स्कूलों के श्रेष्ठ शिक्षक स्कूल के समय के बाद कोचिंग देंगे। परियोजना सफल होने पर इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अभिभावक-शिक्षक बैठक प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर होगी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में भी जल्द प्राइवेट स्कूलों की तरह अभिभावकों और शिक्षकों की बैठक आयोजित की जाएगी ताकि अभिभावक अपने बच्चों की शिक्षा प्रगति से अवगत हो सकें और शिक्षा में सुधार के लिए सहयोग कर सकें।
खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर खेल प्रशिक्षण
हरियाणा के खिलाड़ियों की वैश्विक सफलता को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने कहा कि स्कूल स्तर पर खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता की ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी। खेलों के लिए पर्याप्त उपकरण भी प्रदान किए जाएंगे और जो पहले से उपलब्ध हैं, उनका उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। लापरवाही करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी भाषा का अधिकतम उपयोग और मिड-डे मील योजना में हरियाणा शीर्ष पर
मंत्री ने हिंदी को राष्ट्र भाषा बताते हुए शिक्षा विभाग के कार्यालयों में हिंदी भाषा के प्रयोग को अनिवार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने गर्व से बताया कि मिड-डे मील योजना में हरियाणा पूरे देश में प्रथम स्थान पर है, जो बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
