चंडीगढ़, 3 जून: हरियाणा के कौशल विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में महात्मा ज्योतिबा फुले आईटीआई, बहलोलपुर को इंटरनेशनल स्किल सेंटर के रूप में विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस सेंटर का संचालन अब नवीन जिंदल फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस ऐतिहासिक मौके पर कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल, हिसार विधायक एवं पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद नवीन जिंदल की एक वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन में कुरुक्षेत्र की अहम भूमिका होगी। मुझे पूरा विश्वास है कि सांसद नवीन जिंदल इस दिशा में सबसे आगे होंगे और 2030 तक यह क्षेत्र देश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा।”
सांसद नवीन जिंदल ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं को ऐसा प्रशिक्षण देना है जिससे वे विदेशों में सिर्फ मजदूरी नहीं, बल्कि सम्मानजनक रोजगार पा सकें और अपने खुद के व्यवसाय भी शुरू कर सकें।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी 2014 से ही स्किल आधारित शिक्षा पर जोर देते आए हैं। हम उसी सोच से प्रेरित होकर युवाओं को ग्लोबल स्तर की ट्रेनिंग देने की दिशा में काम कर रहे हैं।”
इस अवसर पर कौशल विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र सिंह और विदेशी सहयोग विभाग के सलाहकार पवन चौधरी समेत अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
