नई दिल्ली | 21 जुलाई 2025 : संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है और पहले ही दिन से सियासी तापमान चरम पर रहने की संभावना है। 32 दिन चलने वाले इस सत्र में 21 बैठकें होंगी। 13-14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते कार्यवाही नहीं होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सत्र से पहले मीडिया से मुखातिब होंगे। संसद में सरकार और विपक्ष के बीच ‘ऑपरेशन सिंदूर’, भारत-पाक संघर्ष विराम, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे, मणिपुर हिंसा और बिहार वोटर लिस्ट जैसे मुद्दों को लेकर तीखा टकराव तय है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर गरमाएगा सदन
भारत द्वारा 6-7 मई की रात पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर विपक्ष हमलावर है। इस सैन्य कार्रवाई में ब्रह्मोस मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा संघर्ष विराम का श्रेय खुद को दिए जाने के बाद भारत की विदेश नीति पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। विपक्ष इस ऑपरेशन में हुए कथित नुकसान और भारत की रणनीतिक स्थिति को लेकर सरकार से स्पष्ट जानकारी की मांग कर रहा है।
8 नए और 9 पुराने विधेयकों पर काम की तैयारी
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस सत्र में 8 नए और 9 लंबित विधेयकों को पेश करने की योजना है। इनमें डिजिटल गोपनीयता विधेयक, चुनाव सुधार विधेयक, और नागरिक सुरक्षा से जुड़े मसौदे प्रमुख हो सकते हैं।
बिहार वोटर लिस्ट विवाद
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर भी विपक्ष चर्चा की मांग कर रहा है। कांग्रेस और INDIA ब्लॉक का आरोप है कि इस प्रक्रिया में पक्षपात हो रहा है। चूंकि यह मामला चुनाव आयोग से जुड़ा है और सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, ऐसे में सरकार इस पर सीमित चर्चा के पक्ष में दिख रही है।
मणिपुर, जम्मू-कश्मीर और चीन का मुद्दा
विपक्ष मणिपुर में जारी हिंसा, जम्मू-कश्मीर में चुनावों की स्थिति और चीन के साथ सीमा विवाद जैसे मुद्दों को भी सदन में उठाने की तैयारी में है। सर्वदलीय बैठक में इन विषयों पर चर्चा की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
एयर इंडिया हादसे पर सवाल
अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे पर विपक्ष सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है। शुरुआती जांच रिपोर्ट में तकनीकी खामियों की बात सामने आई है, लेकिन विपक्ष मान रहा है कि इसमें सुरक्षा चूक की बड़ी भूमिका रही है।
सर्वदलीय बैठक और INDIA ब्लॉक की रणनीति
रविवार को हुई सर्वदलीय बैठक में कुल 54 दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें कांग्रेस, बीजेपी और अन्य प्रमुख दल मौजूद थे। इससे पहले 19 जुलाई को सोनिया गांधी की अध्यक्षता में INDIA ब्लॉक की बैठक भी हुई थी, जिसमें मानसून सत्र के लिए साझा रणनीति तैयार की गई।
संसदीय कार्य मंत्री का बयान
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि, “सदन को चलाना सभी की जिम्मेदारी है। सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है।” वहीं, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में NDA की रणनीतिक बैठक में भी विपक्ष के हमलों का जवाब देने की रणनीति बनी।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
